अनंत सिंह की बेटी शिवांगी ने ऋषिकेश को पहनाई वरमाला,भारी भीड़ जुटने सड़को पर लगा लंबा जाम
मोकामा। बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी का समारोह बुधवार को आकर्षण का केंद्र बना रहा। पटना जिले के नदवां में आयोजित इस भव्य शादी में बारातियों और मेहमानों का ऐसा जमावड़ा लगा कि इलाके में मेले जैसा नजारा दिखने लगा।
दूल्हे ऋषिकेश बारात लेकर बिहटा से पहुंचे तो स्वागत की तैयारियां पूरी थीं। जयमाल की रस्म के दौरान शिवांगी और ऋषिकेश ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके बाद आतिशबाजी और रंगीन रोशनी से पूरा आसमान जगमगा उठा।शादी समारोह का सबसे खास पल जयमाल की रस्म रही। स्टेज पर दूल्हे ऋषिकेश ने शिवांगी के गले में वरमाला डाली। इससे पहले शिवांगी ने उनका तिलक किया और आरती उतारी।

वरमाला की रस्म पूरी होते ही आतिशबाजी शुरू हो गई। आसमान रंगीन रोशनी से नहा उठा। वहां मौजूद मेहमानों ने तालियों के साथ नवदंपती को बधाई और आशीर्वाद दिया।
शादी समारोह में भोजपुरी पावर स्टार और भाजपा नेता पवन सिंह की मौजूदगी भी खास आकर्षण रही। मंच पर पहुंचते ही लोगों ने नारों के साथ उनका स्वागत किया।पवन सिंह ने हिंदी गाना ‘इश्क और प्यार का मजा लीजिए’ गाकर महफिल में रंग जमा दिया। उनके मंच पर आते ही मेहमानों और प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। शादी का माहौल संगीत और मनोरंजन से सराबोर हो गया।शादी में मेहमानों की भारी भीड़ के कारण नदवां की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। गाड़ियां धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थीं। कई लोग मुख्य सड़क पर जाम से बचने के लिए खेतों के रास्ते समारोह स्थल तक पहुंचे।
कुछ मेहमान पैदल भी जाते दिखे। आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल और आकर्षक सजावट की गई थी। मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।शादी समारोह में यूपी के पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह,बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू,सांसद विवेक ठाकुर समेत देश भर के कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं।
मेहमानों के आगमन का सिलसिला लगातार जारी रहा। अनंत सिंह खुद आयोजन की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए थे। भारी भीड़ के बावजूद शादी की रस्में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई गईं।नदवां में शादी को यादगार बनाने के लिए विशाल पंडाल, आकर्षक लाइटिंग और मेहमानों के स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई थी। समारोह में शामिल लोगों ने भोजन और मेहमाननवाजी का आनंद लिया। जयमाल, भोजपुरी संगीत और आतिशबाजी ने शादी की रौनक बढ़ा दी। देर रात तक आयोजन स्थल पर उत्साह और चहल-पहल बनी रही।

