मुंशी सिंह महाविद्यालय में संविधान दिवस पर भव्य आयोजन
– विद्यार्थियों ने कविता, भाषण एवं नाटक के माध्यम से संविधान के महत्व को किया रेखांकित
मोतिहारी। संविधान दिवस के अवसर पर एम.एस. लॉ कॉलेज, मोतिहारी, मुंशी सिंह महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, मेरा युवा भारत एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में मुंशी सिंह महाविद्यालय के सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संविधान के आदर्शों, मूल्यों और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धताओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के सामाजिक विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सुजीत चौधरी थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुंशी सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.एन. हक, एम.एस. लॉ कॉलेज की विभागाध्यक्ष प्रो. उर्मिला वर्मा, सहायक प्राध्यापक वीरमणि, डॉ. मयंक कपिला, डॉ. खानम आफरीन, डॉ. कुमारी रंजू बाला, मेरा युवा भारत, पूर्वी चम्पारण की जिला युवा अधिकारी सुश्री अंकिता, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिवक्ता श्री सुवेंदु कुमार, अभियोजन पदाधिकारी सुश्री निकिता, अभियोजन पदाधिकारी श्री सर्वेश तिवारी, डॉ. अमित कुमार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि प्रो. सुजीत चौधरी ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक या कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा और लोकतांत्रिक चेतना का आधार है। संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का भरोसा प्रदान करता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.एन. हक ने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। कार्यक्रम का सांस्कृतिक एवं रचनात्मक पक्ष भी अत्यंत प्रभावशाली रहा। विद्यार्थियों ने कविता, वक्तव्य एवं नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से संविधान के विभिन्न पहलुओं को अभिव्यक्त किया। शिवम सर्राफ, नेहा झा एवं लक्की झा ने संविधान पर आधारित कविताओं का सस्वर पाठ किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महाविद्यालय और लिलो विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक रहा। संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा धर्म से संविधान तक की यात्रा को केंद्र में रखकर प्रस्तुत इस नाटक ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान निर्माण की कठिन ऐतिहासिक यात्रा, सामाजिक परिवर्तन और समानता की आकांक्षा को प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत किया। इसमें चंचल कुमार, माही सिंह, आयुष राज, आयुष कुमार, नौशाद, नासिर, पूजा कुमारी, देवाशीष, पूनम कुमारी, प्रिया श्रीवास्तव, सीनू, राज कुमार, प्रसून, अभिषेक कुमार, सत्यम प्रकाश एवं पवन कुमार ने अपनी भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त महिलाओं की जागरूकता, स्वतंत्रता एवं अधिकारों को केंद्र में रखकर प्रस्तुत कविता ने कार्यक्रम को एक संवेदनशील सामाजिक आयाम प्रदान किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, समानता और गरिमा के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

