ई-रिक्शा एवं बाइक की टक्कर में पांच लोग घायल
कल्याणपुर। कल्याणपुर-चकिया रोड मे पेट्रोल पंप के आगे ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चकिया से कल्याणपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान केसरिया नगर पंचायत के 12 वर्षीय विक्रम कुमार, रमेश कुमार और एक अन्य युवक बाइक से केसरिया से मधुरापुर गांव स्थित अपने संबंधी के घर जा रहे थे।
पेट्रोल पंप के आगे दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों के अलावा ई-रिक्शा पर सवार मधुरापुर निवासी नरेश साह, कल्याणपुर निवासी भोला मिस्त्री और मंगलापुर निवासी अजहर अली घायल हो गए।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सा पदाधिकारी ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अजहर अली, नरेश साह और विक्रम कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया।

