आईपीएस कुंदन कृष्णन की संपत्ति को लेकर राजद सांसद सुधाकर सिंह ने उठाए सवाल, जांच की मांग

आईपीएस कुंदन कृष्णन की संपत्ति को लेकर राजद सांसद सुधाकर सिंह ने उठाए सवाल, जांच की मांग
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार के बक्सर लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कुंदन कृष्णन और उनके परिवार की संपत्ति को लेकर कई आरोप लगाए।उन्होंने दावा किया कि अधिकारी और उनकी पत्नी के नाम पर घोषित संपत्ति के अलावा भी कई जमीनें और निवेश हैं, जिनका विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

सांसद ने दूसरे लोगों के नाम पर जमीन खरीदने और संभावित बेनामी संपत्ति का मामला भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

सुधाकर सिंह ने कहा कि कुंदन कृष्णन को अपने माता-पिता से करीब 38 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति विरासत में मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विरासत में मिली संपत्ति को लेकर वह भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा रहे हैं। उनका सवाल अधिकारी और उनकी पत्नी डॉ. मल्लिका सिंह के नाम पर अर्जित संपत्तियों को लेकर है। सांसद के मुताबिक, दोनों की ओर से घोषित संपत्ति का बाजार मूल्य करीब 87 करोड़ रुपये है।

उन्होंने दावा किया कि इसके अतिरिक्त भी कई जमीनें और निवेश हैं, जिनका उल्लेख संपत्ति के विवरण में नहीं किया गया है।सांसद ने कहा कि उन्होंने दस्तावेजों के आधार पर पड़ताल की है और कुछ जमीनों के रिकॉर्ड का सत्यापन भी कराया है।

उन्होंने कैमूर जिले में करीब 16 एकड़ 88 डिसमिल कृषि भूमि की खरीद का मामला उठाया। उनके अनुसार, इस जमीन का बाजार मूल्य करीब दो करोड़ रुपये है, जबकि दस्तावेजों में इसकी कीमत लगभग 17.50 लाख रुपये दर्ज है। उन्होंने जमीन की खरीद में नकद भुगतान किए जाने का भी आरोप लगाया।

सुधाकर सिंह ने नालंदा जिले में कुंदन कृष्णन के पैतृक गांव के पास दिनेश राम नामक व्यक्ति से जमीन खरीदे जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस जमीन का उल्लेख संपत्ति की घोषणा में नहीं किया गया है। इसके अलावा, पटना के मालसलामी इलाके के सिमरी-मुरारपुर में डॉ. मल्लिका सिंह के नाम पर करीब 10 कट्ठा जमीन होने की बात कही। सांसद ने इसका बाजार मूल्य करीब 20 करोड़ रुपये होने का अनुमान जताया।

वहीं, ट्रांसपोर्ट नगर में कुंदन कृष्णन के नाम पर साढ़े तीन से साढ़े चार कट्ठा जमीन होने का भी दावा किया।सांसद ने मालसलामी के अलग-अलग प्लॉट का विवरण देते हुए कहा कि एक प्लॉट में डॉ. मल्लिका सिंह के नाम पर करीब 40 कट्ठा और बिट्टू सिंह के नाम पर करीब 60 कट्ठा जमीन है। दूसरे प्लॉट में मल्लिका सिंह के नाम पर करीब 34 कट्ठा और बिट्टू सिंह के नाम पर करीब 70 कट्ठा जमीन होने का दावा किया गया। सुधाकर सिंह ने इन संपत्तियों की कीमत सैकड़ों करोड़ रुपये होने का अनुमान जताया। हालांकि, जमीनों के वास्तविक रकबे, बाजार मूल्य और स्वामित्व की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सुधाकर सिंह ने शेयर बाजार में निवेश से जुड़े दस्तावेजों का भी हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि कुंदन कृष्णन और उनकी पत्नी के नाम पर एक्सिस बैंक, बजाज हिंदुस्तान, भारती टेलीवेंचर्स, सिप्ला, फोर्टिस हेल्थकेयर, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी और एनएमडीसी सहित कई कंपनियों के शेयर रहे हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page