लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि, हार पर आत्ममंथन करे कांग्रेस : सांसद

लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि, हार पर आत्ममंथन करे कांग्रेस : सांसद
Facebook WhatsApp

हरसिद्धि। हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र स्थित सोमेश्वरनाथ आइटीआइ में ‘युवा संवाद : लोकतंत्र बनाम अराजकता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने  कांग्रेस पर निशाना साधा।

उन्होने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है। चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं पर आत्ममंथन करने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही है।

वर्ष 2014 के बाद लगातार चुनावी पराजयों और राजनीतिक असफलताओं के बावजूद कांग्रेस अपनी नीतियों, नेतृत्व और कार्यशैली की समीक्षा करने को तैयार नहीं है। जनता का विश्वास जीतने में विफल रहने के बाद संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना राजनीतिक हताशा और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाता है। लोकतंत्र में जनता का फैसला स्वीकार करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।

आयोग समेत लोकतांत्रिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर जनता के विश्वास को कमजोर करने के बजाय कांग्रेस को अपने राजनीतिक प्रदर्शन की समीक्षा करनी चाहिए। सांसद ने नेहा बोरा के बांग्लादेश के जेन-जी आंदोलन से जुड़े कथित बयानों और ‘लाल सलाम’ के उल्लेख पर भी कांग्रेस नेतृत्व से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।  बांग्लादेश की घटनाओं का संदर्भ देते हुए सवाल उठाया कि क्या ऐसे आंदोलनों को भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जाना चाहिए।

उन्होंने उमर खालिद को प्रेरणास्रोत बताने और उनसे एक्टिविज्म सीखने की अपील से जुड़े बयानों पर भी कांग्रेस के आधिकारिक रुख को स्पष्ट करने की बात कही। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से भी इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक बयानबाजी से नहीं होती, बल्कि इसके लिए संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान, जनादेश की स्वीकृति और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन आवश्यक है।

जनता के बीच विश्वास कायम करना किसी भी राजनीतिक दल के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सह हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान उपस्थित रहे। इसके अलावा सोमेश्वरनाथ आइटीआइ के प्राचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज सहित सैकड़ों युवा एवं विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page