दलहन-तेलहन की खेती को मिलेगा बढ़ावा, मुफ्त व अनुदानित दर पर मिल रहा बीज

दलहन-तेलहन की खेती को मिलेगा बढ़ावा, मुफ्त व अनुदानित दर पर मिल रहा बीज
Facebook WhatsApp

हरसिद्धि। दलहन और तेलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार किसानों को मुफ्त और अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध करा रही है। इसी कड़ी में हरसिद्धि प्रखंड में रबी फसल के बीजों का वितरण शुरू कर दिया गया है। बीआरबीएन के अधिकृत डीलर शिव शक्ति खाद-बीज भंडार गायघाट और हरसिद्धि बाजार स्थित गणपति खाद-बीज भंडार से चयनित किसानों के बीच बीज वितरित किए जा रहे हैं।

कृषि विभाग की ओर से प्रखंड क्षेत्र में 45 एकड़ में प्रत्यक्षण योजना के तहत राई-सरसों की खेती कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना के तहत किसानों को सरसों का बीज बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही फसल में इस्तेमाल होने वाली दवा भी मुफ्त दी जाएगी। इसी तरह मिनी किट योजना के तहत किसानों को मसूर का बीज मुफ्त मिल रहा है।

वहीं, अनुदानित दर पर वितरण के लिए 34.72 क्विंटल मसूर बीज उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा कृषि विभाग की ओर से 60 एकड़ में प्रत्यक्षण योजना के तहत मक्का की खेती कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना में किसानों को मक्का का बीज और फसल में उपयोग होने वाली दवा मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही सामान्य योजना के तहत अनुदानित दर पर भी मक्का बीज का वितरण किया जा रहा है।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी राघो प्रसाद ने बताया कि अनुदानित दर पर मसूर, मक्का, राई और सरसों का बीज लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन डिमांड करना होगा। ऑनलाइन डिमांड के बाद प्राप्त नंबर के आधार पर किसानों को बीज उपलब्ध कराया जा रहा है।

गायघाट स्थित शिव शक्ति खाद-बीज भंडार पर बीज वितरण का कार्य कृषि विभाग के नोडल पदाधिकारी सुरेश कुमार, किसान सलाहकार ठाकुर जयराम सिंह, भारतेन्दु प्रसाद, संतोष सिंह और अरविन्द भारद्वाज की देखरेख में किया जा रहा है। कृषि विभाग की इस पहल से क्षेत्र में दलहन और तेलहन की खेती को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page