7.6 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, एसएसबी की कार्रवाई से मचा हड़कंप
बनकटवा। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 71वीं वाहिनी मोतिहारी को बड़ी सफलता मिली है। विशेष गश्ती अभियान के दौरान 7.6 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया गया और एक युवक को हिरासत में लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीओपी महुआवा, 71वीं वाहिनी एसएसबी मोतिहारी के एलए से मिली सूचना के आधार पर विशेष गश्त की गई। इस दौरान ग्राम कुदरकट, थाना छौड़ादानो के पास भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 375/5 से लगभग 5 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर एक प्लास्टिक के बोरे में रखा 7.6 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ जब्त किया गया।
मौके से पकड़े गए युवक की पहचान रंजन कुमार (22 वर्ष), पिता भुनेश्वर राय, निवासी ग्राम रेंगनिया, थाना जितना के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ को नेपाल के गुलरिया से भारत के जीतपुर की ओर तस्करी कर लाया जा रहा था। एसएसबी ने जब्त
सामग्री और पकड़े गए युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय छौड़ादानो थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया।

