‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान की सफलता को लेकर बैठक में लिए गए निर्णय
-01 नवंबर को निकलेगी ऐतिहासिक पदयात्रा
मोतिहारी। 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक निर्धारित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को परिसदन के सभाकक्ष में मोतिहारी जिलाध्यक्ष पवन राज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मोतिहारी के साथ ढाका एवं रक्सौल संगठन जिला के अध्यक्षों सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 01 नवंबर को आयोजित होने वाली पदयात्रा की तैयारियों, संगठन की सक्रिय भागीदारी तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष पवन राज ने कहा कि 01 नवंबर को आयोजित होने वाली पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा बिहार के दस जिलों में निकाली जाएगी, जिसमें मोतिहारी भी शामिल है। मोतिहारी में पदयात्रा जिला स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर टाउन हॉल तक पहुंचेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान की सफलता के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान को सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। प्रदेश उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रभारी नन्द प्रसाद चौहान ने पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन और व्यापक जनसंपर्क जरूरी है। सभी पदाधिकारी निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में विधायक प्रमोद कुमार, सचिन्द्र प्रसाद सिंह, श्यामबाबू यादव, लालबाबू गुप्ता, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, ढाका संगठन जिलाध्यक्ष सुनील सहनी, रक्सौल संगठन जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, उपाध्याय सुधांशु रंजन, मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, आईटी संयोजक रिषभ झा, सियावर सिंह, सूरज पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

