संदिग्ध स्थिति में महिला की मौत, दहेज के लिए हत्या का आरोप
कोटवा। कोटवा थाना क्षेत्र के मच्छरगांवा पंचायत के फतुहा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रूपसाल कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, रूपसाल कुमारी की शादी वर्ष 2021 में फतुहा गांव निवासी सुरेंद्र राम के साथ हुई थी। महिला का मायका हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पकड़िया बाजार में है। महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजन आनन फानन में फतुहा पहुंचे।
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

