एसएसबी ने 10 मवेशियों को किया बरामद, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार
बनकटवा।भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीम ने 10 मवेशियों को जब्त किया है। हालांकि, अंधेरी रात का फायदा उठाकर अन्य तस्कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, इंटेलिजेंस सेटअप से मिली विशेष सूचना के आधार पर ई कंपनी बेलदारवामठ, 71 वीं वाहिनी एसएसबी मोतिहारी ने स्थानीय अदापुर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान ग्राम इनरवा (लरहाटोला) के पास भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 384/18 से लगभग 50 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर विशेष नाका लगाया गया।
अभियान के दौरान नाका पार्टी ने कुल 10 मवेशियों को जब्त किया। इनमें तीन गाय, चार नर बछड़े और तीन मादा बछिया शामिल हैं। बताया जाता है कि इन मवेशियों को नेपाल के नीलकंठ से भारत के सिरसियाकला की ओर तस्करी कर ले जाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर भाग निकले। जब्त किए गए सभी मवेशियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदापुर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। सीमा क्षेत्र में एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से पशु तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयासों को बल मिला है।

