शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना के विकास से आत्मनिर्भर बिहार का निर्माण कर रही एनडीए सरकार : संजय सरावगी

Facebook WhatsApp

पटना/समस्तीपुर। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को समस्तीपुर में विवेकानंद विचार मंच की ओर से आयोजित शिक्षा, शिक्षक एवं युवा विकास सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार शिक्षा, रोजगार सृजन और आधारभूत संरचना के विकास के माध्यम से बिहार को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन, शिक्षा के विस्तार और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के प्रयासों से विकास की नई संभावनाएं बनी हैं।

संजय सरावगी ने अपने संबोधन में विद्यार्थी परिषद और शिशु मंदिर से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में मिले अनुशासन और संस्कार ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिले प्रशिक्षण और मार्गदर्शन ने उन्हें सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार के उच्च शिक्षण संस्थानों में नामांकन की संख्या करीब चार लाख थी, जो 2026 के आंकड़ों के अनुसार बढ़कर 26 लाख हो गई है। उन्होंने दावा किया कि मेडिकल शिक्षा, इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में संस्थानों तथा सीटों का विस्तार हुआ है। राज्य में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना और प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने महिला विश्वविद्यालय, माता सीता के नाम पर सीता विश्वविद्यालय और बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने के फैसलों का भी उल्लेख किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए अलग ऐप और पोर्टल की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं कैंपस संबंधी शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए विद्यार्थी सारथी पोर्टल बनाया गया है, जिसके माध्यम से 30 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के वेतनमान को लेकर भी सरकार ने घोषणा की है।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आह्वान है कि युवा नौकरी मांगने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। बिहार में बड़े उद्योगों को आकर्षित करने के लिए 15 हजार एकड़ का लैंड बैंक विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और विकसित भारत के निर्माण में बिहार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के प्रति लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए एसआईआर प्रक्रिया का उल्लेख किया और कहा कि मतदाता सूची के प्रारूप के प्रकाशन तथा आपत्तियों के निपटारे के बाद ही नियमानुसार नामों में संशोधन किया जाता है।संजय सरावगी ने आगामी विधान परिषद चुनाव का उल्लेख करते हुए शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी घनश्याम राय और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी सर्वेश के पक्ष में समर्थन की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शिक्षकों और स्नातकों के बीच संपर्क कर एनडीए प्रत्याशियों के लिए प्रथम वरीयता के मत की अपील करने को कहा।

सम्मेलन की अध्यक्षता अमरेश शांडिल्य ने की। मंच पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, विधायक अश्वमेघ देवी, विधायक वीरेंद्र पासवान, विधान पार्षद तरुण कुमार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी घनश्याम राय सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page