होटल में युवक ने फंदे से लटककर दी जान, इलाके में मचा हड़कंप
-व्हाट्सऐप पर एक युवती से बातचीत की बात आई सामने
चिरैया। शिकारगंज थाना क्षेत्र के रुपहारा नाहर चौक स्थित भारत मीट हाउस में सोमवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिले के तीसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेल बनबरिया गांव निवासी मुकेश कुमार (26) के रूप में हुई है। वह होटल में बावर्ची के रूप में काम करता था। पुलिस के अनुसार, मृतक के मोबाइल फोन में मिले साक्ष्यों से पता चला है कि घटना से पहले युवक एक युवती से व्हाट्सऐप पर वॉयस मैसेज के जरिए बातचीत कर रहा था।
बातचीत के दौरान आत्महत्या करने की बात कहने की जानकारी भी सामने आई है। शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने प्रथम दृष्टया मामले में प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि मृतक शादीशुदा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने तक शव को अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है।

