नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा

नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा
Facebook WhatsApp

-तुरकौलिया के बभनौलिया स्कूल का मामला,

-एसडीओ, डीएसपी और शिक्षा विभाग के अधिकारी थाना पहुंचे  

– गिरफ्तार शिक्षक के विरुद्ध  प्राथमिकी दर्ज

मोतिहारी। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बभनौलिया के एक शिक्षक पर नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी करने और उसे प्रेमजाल में फंसाने का आरोप लगा है। सोमवार को स्कूल पहुंचते ही ग्रामीणों ने शिक्षक को घेर लिया।

पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की, बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए शिक्षक की पहचान बलिराम कुमार के रूप में हुई है। जो अपने ननिहाल कुंडवा चैनपुर में रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षक ने अपने ही विद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। छात्रा विद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद दूसरे विद्यालय में चली गई थी।

आरोप है कि करीब 15 दिन पहले शिक्षक उसे घर से भगाकर ले गए थे। हालांकि, परिजनों के विरोध के बाद उसे वापस कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर गांव में नाराजगी थी। शिक्षक को आशंका थी कि स्कूल आने पर विवाद हो सकता है। इसी वजह से वह पिछले तीन दिनों से छुट्टी लेकर विद्यालय नहीं आ रहे थे। सोमवार को जैसे ही वह स्कूल के गेट पर पहुंचे, ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पूछताछ शुरू कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शिक्षक ने छात्रा से प्रेम करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने उनके साथ मारपीट की।


घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शिक्षक को हिरासत में ले लिया। मामला सामने आने के बाद एसडीओ अरुण कुमार, डीएसपी दिलीप कुमार और डीपीओ ब्रजेश कुमार भी तुरकौलिया थाना पहुंचे। अधिकारियों ने पकड़े गए शिक्षक और पीड़ित छात्रा के परिजनों से मामले की जानकारी ली। डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले में पीड़ित छात्रा के पिता की ओर से आवेदन दिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।  उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की हरकत करने वालों को कठोर सजा दिलाने के लिए पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page