इश्तिहार जारी होने के बाद दुष्कर्म मामले का अभियुक्त मोतीपुर से गिरफ्तार
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी के अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरौना गांव निवासी सरोज कुमार (34), पिता रविंद्र कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि हरसिद्धि थाना कांड संख्या 332/26, दिनांक 29 जून 2026 के मामले में सरोज कुमार प्राथमिकी अभियुक्त है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 79, 127(2), 351(2), 352 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध माननीय न्यायालय से इश्तिहार प्राप्त कर लिया गया था।
इसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने छापेमारी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई में दरोगा अविनाश कुमार, दरोगा प्रीतम कुमार, अंकित कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

