असम: कामाख्या रेलवे स्टेशन से 58 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

असम: कामाख्या रेलवे स्टेशन से 58 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

-गुवाहाटी में 6 और 7 अक्टूबर को भी 18 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार हुए थे

गुवाहाटी। कामाख्या रेलवे स्टेशन से बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिकों के पकड़े जाने की खबर से गुवाहाटी में हड़कंप मच गया है।रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक विशेष अभियान के दौरान कामाख्या जंक्शन से कुल 58 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में 19 पुरुष, 14 महिलाएं, 17 लड़के और 8 लड़कियां शामिल हैं। बांग्लादेश से आए कुछ परिवार एक साथ इस समूह में मौजूद थे। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से भरा यह पूरा दल फिलहाल आरपीएफ के जिम्मे हैं।

जानकारी के अनुसार ये सभी लोग लंबे समय से जम्मू-कश्मीर में रह रहे थे। हाल ही में जम्मू-कश्मीर सरकार ने वहां अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की है। पकड़े गए नागरिकों का दावा है कि जम्मू-कश्मीर में लगभग 20 से 30 हजार बांग्लादेशी नागरिक रहते थे और सरकार ने उनमें से कई लोगों को वहां से बाहर कर दिया है।गिरफ्तार लोगों के बयानों के मुताबिक वे नई दिल्ली से ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन के जरिए गुवाहाटी के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने पूछताछ में बताया कि उनका इरादा असम के रास्ते वापस बांग्लादेश लौटने का था। हालांकि, उनमें से किसी के भी पास भारत में प्रवेश करने या रहने का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। सभी के पास केवल सामान्य रेल टिकट थे। बिना वैध दस्तावेजों के उन्हें रेलवे टिकट कैसे मिल गया, इसे लेकर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।

आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, एक गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों की खबर मिलने के बाद कामाख्या जंक्शन पर यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान जब इन सभी के दस्तावेजों की पड़ताल की गई, तो मामला सामने आया। गिरफ्तार लोगों में से मोहम्मद हसन नाम के एक व्यक्ति ने अपनी बांग्लादेशी पहचान का पत्र दिखाया और स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश का नागरिक है।फिलहाल आरपीएफ सभी से पूछताछ कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें गुवाहाटी रेलवे पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। इस मामले में आरपीएफ ने एक नया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये लोग भारत में कैसे दाखिल हुए और बिना वैध कागजातों के इन्हें ट्रेन के टिकट कैसे हासिल हुए।

उल्लेखनीय है कि 6 और 7 अक्टूबर को भी गुवाहाटी में अलग-अलग इलाकों से कुल 18 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page