पूर्वी चंपारण जिला की प्रमुख खबरे

पूर्वी चंपारण जिला की प्रमुख खबरे
Facebook WhatsApp

डुमरियाघाट पुल के पास टेंपो से 131.82 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार

डुमरियाघाट। स्थानीय थाना पुलिस ने गुप्त सुचना के अधार पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डुमरियाघाट पुल के समीप एक टेंपो से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। वही मौके से तीन शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।इस सबंध मे डुमरीयाघाट थाना अध्यक्ष विवेक कुमार वालेदु ने बताया कि टेंपो संख्या BR-28 P-5139 की तलाशी के दौरान सात बैग में रखी विभिन्न ब्रांडों की कुल 131.82 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

बरामद शराब में रॉयल स्टैग 22.5 लीटर, 100 पाइपर 7.5 लीटर, ब्लेंडर्स प्राइड 16.5 लीटर एवं 8.64 लीटर तथा ऑफिसर्स चॉइस फ्रूटी 426 पीस (76.680 लीटर) शामिल है। मामले में विकेश कुमार, पिता बीरेंद्र बैठा, निवासी सेमरा, थाना तुरकौलिया, बिट्टू कुमार, पिता दिलीप पटेल ऒर अनिकेत कुमार, पिता मिथिलेश गिरी, दोनों निवासी कोटवा, जिला पूर्वी चंपारण को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने शराब और टेंपो को जब्त कर गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के आरोप में पुतला दहन किया

चकिया। इंडिया गठबंधन समन्वय समिति के घोषणा पर बुधवार को वोट चोरी के विरुद्ध में आक्रोश मार्च और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह का पुतला दहन कार्यक्रम किया गया। यह कार्यक्रम चकिया गांधी मैदान के मुख्य द्वार से शुरू होकर आक्रोश मार्च सुभाष चौक पर पहुंचा, जहां पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, नरेंद्र मोदी, अमित शाह का पुतला दहन किया गया। यह कार्यक्रम राजद के निवर्तमान प्रखंड अध्यक्ष माधव मधुकर के नेतृत्व में हुआ।

जिसमें इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के विरुद्ध नारे लगाए एवं वोट चोरी का आरोप लगाया। जिसमें मुख्य रूप कांग्रेस अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव, जिला राजदके वरीय नेता श्रीबाबू यादव, परवेज आलम, युवा नेता गुड्डू यादव, सनी कुमार, भगनारायण यादव, जामी, सुरेंद्र राम, कांग्रेस नेता किरण कुशवाहा, भीम पांडे, , राजद नेता जितेंद्र यादव, जयप्रकाश यादव, सोहन पासवान, खलील मियां,उमेश महतो, कुणाल गुप्ता, प्रसिद्ध यादव, दीना यादव सहित सैकड़ों की संख्या में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद थे।

इंडिया गठबंधन ने किया प्रदर्शन, चुनाव आयोग व केंद्र सरकार का पुतला दहन

वोट चोरी और एसआईआर में गड़बड़ी को लेकर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता

सुगौली। इंडिया गठबंधन के आह्वान पर बुधवार को प्रखंड मुख्यालय के समीप स्टेशन चौक पर वोट चोरी और एसआईआर में कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान चुनाव आयोग के मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर विरोध जताया गया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग उठाई।


कार्यक्रम में सुगौली विधानसभा के पूर्व राजद विधायक शशि भूषण सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष ताराचंद यादव एवं कांग्रेस कमेटी के प्रखंड अध्यक्ष अशहाबुल होंदा अंसारी ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सद्दाम खान,वरिष्ठ कांग्रेसी रघुनाथ प्रसाद गुप्ता,मनीष तिवारी, मदन सिंह,इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता रामनरेश सिंह,शेख रागिब,जगत पासवान,शिवनाथ यादव,अनवर आलम,आरिफ इकबाल उर्फ छोटू,शाहबाज रौशन, तबरेज आलम सहित कई नेता मौजूद रहे।


इसके अलावा युवा राजद अध्यक्ष शकीलुर रहमान,सैयद अफरोज, दीपू मिश्रा,पहलाज मांझी,संजय यादव,कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अजय झा,असगर अली,राजद नेता अफरोज आलम,पूर्व जिला प्रधान महासचिव प्रेम यादव और राजद प्रदेश नेता राजू सिंह समेत राजद,कांग्रेस एवं कम्युनिस्ट पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका विरोध लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।


ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन ने फूंका पुतला


रामलाल सोनालाल माध्यमिक विद्यालय से अटल चौक तक निकाला विरोध मार्च, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

हरसिद्धि। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन के घटक दल राजद और कांग्रेस एवम् वी आई पी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हरसिद्धि में विरोध मार्च निकाला. पूर्व विधायक राजेंद्र राम के नेतृत्व में निकला विरोध मार्च कन्या उच्च विद्यालय परिसर से शुरू हुआ, जो हरसिद्धि बाजार होते हुए अटल चौक पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।.


अटल चौक पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकार सर्वोपरि हैं. उन्होंने चुनाव व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों पर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।


इस मौके पर राजद नेता नयन कुशवाहा,व राजेंद्र यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विभिन्न मोर्चों पर विफल रही है. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने, कालाधन वापस लाने सहित कई मुद्दों पर किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव व्यवस्था से जुड़े लोगों के माध्यम से कथित तौर पर वोटों की चोरी कर सत्ता में बने रहने का प्रयास किया जा रहा है.राजेंद्र यादव ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए आम लोगों को चुनाव प्रक्रिया और उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना जरूरी है. इसी उद्देश्य से विरोध मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और चुनाव में पारदर्शिता के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा.विरोध मार्च में राजद नेता नयन कुशवाहा, राजेंद्र यादव,वी आई पी पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष चंदन सहनी,जगत प्रसाद, प्रदीप यादव,हसन मियां,कुशवाहा, कांग्रेस नेता नेयाज आलम, राजद नेता मोहन सहनी, आईटी सेल के नवाब साहब, संजय यादव, सुरेंद्र यादव, निशांत गुप्ता, पूर्व प्रमुख कासिम आलम,दरोगा यादव,सहित राजद-कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।

एसआईआर के खिलाफ राजद का जोरदार प्रदर्शन

बनकटवा। चुनाव आयुक्त और विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में राजद के पूर्व मंत्री एवं नरकटिया विधायक डॉ. शमीम अहमद के नेतृत्व में बुधवार को बनकटवा प्रखंड मुख्यालय स्थित राम मनोहर लोहिया खेल मैदान से होते हुए बनकटवा दुर्गा मंदिर के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया।.

प्रदर्शन में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अपनी आपत्ति जताई। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “वोट चोरों को फांसी दो, फांसी दो” के नारे लगाए।

इससे प्रखंड मुख्यालय परिसर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का सरकार तथा चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी किए जाने के आरोप सामने आए हैं।

उन्होंने दिल्ली, बिहार, बंगाल और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों की चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि फर्जी मतदाताओं के माध्यम से चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

प्रदर्शन में सीताराम यादव, शिवशंकर यादव, संजय कुमार कानू, दिलीप यादव, अजय यादव, जुबैर हाशमी, सुबोध यादव, गौतम सिंह कुशवाहा, हारून रशीद, जयजाती यादव, मंटू कुमार, बिरेन्दर मुखिया, रामपुजन साह, बेदामीलाल राम, सोनू कुमार और रामपुकार साह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे.
भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: नेपाली शराब सहित खिलौने और सौंदर्य प्रसाधनों तक की तस्करी का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

बनकटवा। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की 71वीं वाहिनी ने मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जवानों ने नेपाली शराब, खिलौने और सौंदर्य प्रसाधनों की तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए चार लोगों को पकड़ा।

कार्रवाई के दौरान शराब, साइकिल, ई-रिक्शा तथा भारी मात्रा में खिलौने और सौंदर्य प्रसाधन बरामद किए गए।पचपोखरिया गांव के समीप सीमा स्तंभ संख्या 377/4 पर 71वीं वाहिनी की डी कंपनी कोरैया के जवानों ने सूचना के आधार पर गश्ती के दौरान नेपाल से भारत की ओर शराब ला रहे युवक को पकड़ा।.

उसकी पहचान तिनकोनी निवासी भरोश कुमार के रूप में हुई। उसके पास से 300 मिलीलीटर की 30 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब और एक साइकिल बरामद हुई। आरोपी और बरामद सामान को महुआवा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।जोलगावा सीमा चौकी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 369 के पास जवानों ने नेपाल से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे दो युवकों को पकड़ा। इनके पास से 13.5 लीटर नेपाली कस्तूरी शराब बरामद हुई। पकड़े गए युवकों की पहचान सुनील कुमार और हेतलाल कुमार के रूप में हुई। .

दोनों को बरामद शराब के साथ महुआवा थाना पुलिस को सौंप दिया गया।झरोखर गांव के समीप सीमा स्तंभ संख्या 357/3 पर 71वीं वाहिनी की बी कंपनी जामुनिया के जवानों ने भारत से नेपाल की ओर ले जाए जा रहे सामान को पकड़ लिया। मौके से रणविजय कुमार और नेपाल के सिमरौनगढ़ निवासी मिराज आलम को पकड़ा गया।


जवानों ने बड़ी संख्या में रिमोट से चलने वाली कारें, खिलौना बंदूकें, रोबोट, खिलौना गाड़ियां, टेडी बियर, गुड़िया सहित बच्चों के कई प्रकार के खिलौने बरामद किए। इसके अलावा लिपस्टिक, नाखून रंगने की सामग्री और अन्य सौंदर्य प्रसाधनों के कई डिब्बे भी मिले। सामान ले जाने में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया। दोनों आरोपियों और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, मोतिहारी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई।जानकारी एसएसबी के अधिकारियो ने दी

15 वर्षीय युवती का संदिग्ध स्थिति में शव बरामद।


घोड़ासहन। थाना क्षेत्र के निमोइया में बुधवार की अहले सुबह एक 15 वर्षीय युवती का शव पुलिस ने संगदिग्ध स्थिति में उसके घर से बरामद किया है। मृतिका धोबी टोला वार्ड नम्बर 11 की निवासी बताई जा रही है फंदे से लटका शव को पुलिस ने बरामद किया है। मृतिका की पहचान स्वर्गीय सुरेंद्र बैठा की 15 वर्षीय पुत्री सलोनी कुमारी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगो के अनुसार उक्त युवती क्रोधित मिजाज की थी। घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु मोतिहारी भेज दिया है। थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदखुशी का प्रतीत होता है।अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।

आंगनबाड़ी केन्द्र का बीडीओ ने किया निरीक्षण

सुगौली। प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 82 के लगातार बंद रहने की शिकायत पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नूतन किरण ने मंगलवार को केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने केन्द्र को बंद पाया और ग्रामीणों से केन्द्र की स्थिति की जानकारी ली। बीडीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उपस्थित ग्रामीणों से पूछ-ताछ के क्रम में पता चला कि केन्द्र लगातार बंद रहता है। और एक भी बच्चे नहीं आते हैं। यह स्थिति पिछले कई महीनों से बनी हुई है।

यह आंगनबाड़ी केंद्र सुकुल पाकड़ पंचायत के वार्ड नं 2 के चिलझपट्टी गांव में स्थित है। बीडीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान केन्द्र का अवलोकन करने पर यह प्रतीत हुआ कि लंबे समय से केन्द्र नहीं खुलता है,परिसर में चारों तरफ जहां-तहां गंदगी नजर आया। आंगनबाड़ी केंद्र के अनियमित संचालन और कुव्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजा गया है।

केन्द्र के अनियमित संचालन को लेकर सीडीपीओ श्रीमती अंजना ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 82 पर सेविका नहीं है,केवल सहायिका है। इसलिए उस केन्द्र को दुसरे केन्द्र से जोड़ दिया गया है। जिसके कारण केवल पीएचआर वितरण सेविका उस केन्द्र पर पहुंचती है और बाकी दिन केन्द्र बंद रहता है।

एमडीएम का चावल ले जाने का वीडियो वायरल, जांच में जुटा शिक्षा विभाग

संग्रामपुर। राजकीय बुनियादी विद्यालय बेसिक स्कूल भवानीपुर से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का चावल ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में विद्यालय के प्रधान शिक्षक सुनील श्रीवास्तव गेट बंद करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति बाइक पर दो बोरा चावल लेकर विद्यालय परिसर से बाहर जाता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय में एमडीएम के चावल के रखरखाव और को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


इस संबंध में प्रधान शिक्षक सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर गौसनगर के प्रधान शिक्षक ने विद्यालय में चावल नहीं होने के कारण एमडीएम प्रभावित होने की जानकारी दी थी। उनके द्वारा दो बोरा चावल की मांग की गई थी। इसी के आधार पर उनके विद्यालय से दो बोरा चावल गौसनगर विद्यालय भेजा गया था।वहीं, बीईओ विनय तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। प्रधान शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जवाब संतोषजनक नहीं होने तथा वीडियो की पुष्टि होने पर विभागीय कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को लिखा जाएगा।हलाकि वायरल वीडियो का सन्मार्ग अखबार पुष्टि नही करता है।


बाढ़ के बाद पूछरिया की सड़कें क्षतिग्रस्त, आवागमन प्रभावित

संग्रामपुर। बाढ़ का पानी कम हटने के बाद पूछरिया गांव के लोगों को आवागमन की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बाढ़ के तेज बहाव के कारण गांव को जोड़ने वाली कई सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कई जगह गड्ढे बन गए हैं और कुछ स्थानों पर सड़क की मिट्टी व किनारे का हिस्सा कटकर बह गया है।


ग्रामीण राघव सिंह, अप्पु कुमार, सुरेंद्र सहनी, अनिल सिंह आदि ने बताया कि बाढ़ के कारण पूछरिया की मुख्य सड़क समेत गांव से जुड़ने वाले कई रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे पैदल चलने के साथ-साथ बाइक और अन्य वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रभु टोला से पूछरिया गांव को जोड़ने वाली सड़क पर कई माह से पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हो सका है।

पुल का निर्माण अधूरा रहने और सड़क के क्षतिग्रस्त होने के कारण इस रास्ते से आवागमन लगभग बंद हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब पांच हजार की आबादी इससे प्रभावित है। लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने और निर्माणाधीन पुल का कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सामान्य हो सके।


प्रखंड में राजद कार्यकर्ताओं ने निकाली रैली

संग्रामपुर। इंडिया गठबंधन के आव्हान पर राजद प्रखंड अध्यक्ष कनीश्वर कुमार केशरी के नेतृत्व में बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर संग्रामपुर बाजार से प्रखंड मुख्यालय तक रैली निकाली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त , केंद्र व राज्य सरकार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।राजद नेताओं ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

कार्यक्रम में राजद के प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कई कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। मौके पर राजद नेता ,अभिलेख उर्फ संतोष ओझा,सुरेंद्र कुमार, राजदेव कुमार, नरेश कुमार, संजय महतो, इंद्रजीत सिंह, भागवत राय, अरुण प्रसाद, नागेंद्र प्रसाद, शिवनाथ राम, राजकुमार, राकेश कुमार, ताहीर हुसैन, सुनील कुशवाहा, राजू दुबे, हेमंत लाल तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आंगनबाड़ी केंद्र पर लगा मेला, बच्चों व माताओं को पोषण के प्रति किया जागरूक

संग्रामपुर। प्रखंड के उत्तरी मधुबनी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 46 पर बुधवार को राष्ट्रीय पोषण मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेविका रूपम कुमारी के द्वारा आयोजित किया गया था। उद्घाटन करते हुए सीडीपीओ अपर्णा कुमारी ने कहा कि पोषण मेला जागरूकता एवं गतिविधि आधारित कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को उचित पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।


मेले में पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाकर कम खर्च में बच्चों और माताओं के लिए पौष्टिक भोजन तैयार करने की जानकारी दी गई। कुपोषण से बचाव के उपाय, नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य देखभाल तथा आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली विभिन्न सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। सीडीपीओ ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों का उपयोग कर बच्चों और माताओं को संतुलित आहार देकर कुपोषण से बचाया जा सकता है।मौके पर एसएस कुमारी सुशीला चौधरी, सेविका गीता कुमारी, संजना कुमारी, पिंकी कुमारी, कविता कुमारी समेत ग्रामीण महिलाएं और बच्चे मौजूद थे।

कांडों में जब्त 2479 लीटर शराब का हुआ विनष्टीकरण

सुगौली। स्थानीय थाना परिसर में बुधवार को मजिस्ट्रेट सह अंचलाधिकारी कुंदन कुमार की उपस्थिति में जब्त शराब का विनष्टीकरण किया गया। पुलिस द्वारा दर्ज कुल 21 कांडों में जब्त 2122 लीटर देसी एवं 357 लीटर विदेशी शराब, कुल 2479 लीटर शराब को नियमानुसार नष्ट कराया गया। विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की निगरानी में संपन्न हुई।


इस दौरान थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। मौके पर थानाध्यक्ष अनिष कुमार सिंह ने बताया कि विभिन्न कांडों में जब्त शराब को न्यायालय एवं विभागीय प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण के लिए चिह्नित किया गया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब्त शराब को नष्ट कराया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए थाना क्षेत्र में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध रूप से शराब के निर्माण, बिक्री,भंडारण एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से शराब से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की।

चुनाव आयोग के विरुद्ध पूर्व विधायक के नेतृत्व में रोषपूर्ण प्रदर्शन

मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर इंडी गठबंधन ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर लगाए बड़े आरोप

कोटवा। मुख्य चुनाव आयुक्त और विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में राजद के पूर्व विधायक सह जिला अध्यक्ष मनोज कुमार यादव सहित इंडी गठबंधन के सभी घटक के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अपनी आपत्ति जताते हुए जमकर नारेबाजी की ।

जहा नेतागण मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने एवं उनपर कड़ी कारवाई करने की मांग कर रहे थे। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने काफी रोषपूर्ण अंदाज में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को घेरा। इससे प्रखंड मुख्यालय परिसर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का सरकार तथा चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। मौके पर बड़ी संख्या ने राजद ज़ कांग्रेस सहित अन्य घटक दल के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति थी।

नाबालिग लड़की को लेकर जा रहे दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने किया बरामद

पीपराकोठी। ओवरब्रिज के पास बस से उतारकर पुलिस ने किशोरी को कराया मुक्त, पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी


पीपराकोठी।स्थानीय थाना पुलिस ने सोमवार की शाम वाहन जांच के दौरान एक नाबालिग लड़की को बरामद करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों युवक किशोरी को बस से लेकर कहीं जा रहे थे। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष को दिए आवेदन के अनुसार, थाने के सिपाही पप्पू यादव व सिपाही सोहन कुमार पासवान संध्या गश्ती एवं विशेष छापेमारी के लिए निकले थे। पीपराकोठी चौक के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक लड़की को तेज गति से दौड़ते हुए पुलिस वाहन के पास आते देखा। लड़की ने बताया कि उसका नाम अवंतिका कुमारी है और वह करीब 15 वर्ष की है। उसने पुलिस को बताया कि वह मोतिहारी जिले की रहने वाली है और उसके साथ दो व्यक्ति जबरन बस में बैठाकर ले जा रहे थे।


किशोरी की सूचना पर पुलिस ने पीपराकोठी ओवरब्रिज के नीचे बस को रोककर जांच की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक बस से उतरने लगे, जबकि किशोरी को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार युवकों की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के सेहरा मऊ थाना क्षेत्र निवासी राम किशोर कश्यप (30) और प्रेम सागर कश्यप (35) के रूप में हुई।


पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने किशोरी को लेकर जाने के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाशी ली, जिसमें मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने बरामद किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लेते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

आरटीपीएस काउंटर पर नहीं मिले कर्मी, लोग परेशान

कोटवा। कार्यालय स्थित आरटीपीएस काउंटर पर बुधवार को एक भी कर्मी के नहीं मिलने और गेट बंद रहने से प्रमाण-पत्र बनवाने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। काउंटर के बाहर लोग कर्मियों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी देर तक किसी कर्मी के नहीं पहुंचने से आवेदन जमा नहीं हो सका। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरटीपीएस काउंटर पर आय, जाति, निवास सहित अन्य प्रमाण-पत्रों के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस दौरान लोगों ने कहा कि सरकारी कार्यालय में निर्धारित समय से काउंटर पर कर्मी का नहीं रहना गंभीर मामला है , ऐसे में स्थानीय अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल खड़ा होता है।

निश्चित तौर पर अधिकारी अपने कार्य के प्रति संजीदा होंगे तो कर्मी ड्यूटी में लापरवाही कर ही नहीं सकते है। लोगों ने वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने तथा आरटीपीएस काउंटर पर निर्धारित समय में कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है। इसके साथ ही अनुपस्थित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की गई है। तस्वीर में आरटीपीएस काउंटर का बंद गेट और अंदर रखी फाइलें व कंप्यूटर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इस बाबत अंचलाधिकारी मोनिका आनंद ने बताया की मामले की जांच की जा रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page