दुबई भागने का मंसूबा नाकाम, दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार हुआ बर्धमान का फर्जी डॉक्टर साइदुल

दुबई भागने का मंसूबा नाकाम, दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार हुआ बर्धमान का फर्जी डॉक्टर साइदुल
Facebook WhatsApp

कोलकाता। दुबई भागकर पत्नी के साथ खाड़ी देश में बसने का सपना देख रहे पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के फर्जी डॉक्टर शेख साइदुल की योजना पर पानी फिर गया। पत्नी को साथ ले जाने के इरादे से मंगलवार को दिल्ली पहुंचे साइदुल को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही पुलिस ने धर दबोचा।बुधवार को बर्धमान थाने की एक विशेष टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाने के लिए दिल्ली रवाना हो चुकी है।

शेख साइदुल की फर्जी गतिविधियों का खुलासा सितंबर के पहले हफ्ते में हुआ था। पूर्व बर्धमान के नवाबहाट स्थित ‘लाइफ केयर’ नामक एक निजी नर्सिंग होम में फाइमोसिस की सर्जरी के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चे के परिवार ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था। मृतक बच्चे की मां शिल्पा राय ने यह भी आरोप लगाया था कि उन्हें फोन पर धमकियां दी जा रही थीं।

बर्धमान थाना पुलिस और राज्य स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच में सामने आया कि सर्जरी करने वाले शेख साइदुल के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं थी और वह फर्जी डिग्री के सहारे प्रैक्टिस कर रहा था। उसकी निशानदेही पर स्वास्थ्य विभाग को कई अन्य संदिग्ध फर्जी डॉक्टरों की जानकारी भी मिली।

घटना के बाद प्रशासन ने उक्त नर्सिंग होम को सील कर दिया और पुलिस ने उसके दो संचालकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि साइदुल फरार हो गया था।जांच में पता चला कि घटना के बाद साइदुल गुलाबबाग मोड़ इलाके की एक सोसाइटी से एक नर्सिंग होम मालिक की मदद से दुबई भाग गया था और वहां ‘वीजा ऑन अराइवल’ पर रह रहा था। वह लगातार मोबाइल सिम बदलकर अपनी पत्नी के संपर्क में था और उसे भी दुबई बुलाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर रखा था।

मंगलवार को साइदुल की पत्नी निर्धारित योजना के अनुसार दिल्ली पहुंची, जहां साइदुल भी उसे लेने के लिए दुबई की उड़ान से दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरा। आव्रजन और स्थानीय पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और पूर्व बर्धमान जिला पुलिस को सूचित किया। उसे बर्धमान की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।उसकी गिरफ्तारी पर संतोष व्यक्त करते हुए मृतक बच्चे की मां शिल्पा राय ने पुलिस का आभार जताया और कहा कि किसी अन्य मां की गोद इस तरह सूनी न हो, इसके लिए दोषी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page