जेपी नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में छह साल बाद टीएमसी नेता ‘पुष्पा’ उर्फ जहांगीर खान गिरफ्तार

जेपी नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में छह साल बाद टीएमसी नेता ‘पुष्पा’ उर्फ जहांगीर खान गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

कोलकाता। दिसंबर 2020 में डायमंड हार्बर के शिराकोल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले के मामले में करीब छह साल बाद नया घटनाक्रम सामने आया है।उस्ती थाना पुलिस ने मामले की पुन: जांच के दौरान स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता ‘पुष्पा’ उर्फ जहांगीर खान को गिरफ्तार किया है। जहांगीर पहले से ही एक अन्य मामले में जेल में बंद था। पुलिस ने उसे इस मामले में ‘शोन अरेस्ट’ दिखाया है।

डायमंड हार्बर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोनल) अभिषेक मजूमदार ने बुधवार को गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की नए सिरे से जांच के तहत अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पुन: जांच के दौरान तौसीफ अहमद, आरिफ हुसैन और अनीसुर रहमान को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान सामने आए बयानों के आधार पर पुलिस को कथित तौर पर जहांगीर खान की भूमिका के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद उसे भी इस मामले में आरोपित करते हुए गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद चलाए गए तलाशी अभियान में दो अवैध आग्नेयास्त्र और चार राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल चारों आरोपित पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस हमले की पूरी घटना और इसके पीछे कथित साजिश की कड़ियों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, जहांगीर खान के खिलाफ वर्ष 2019 में भी एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसे अदालत से राहत मिली थी। इसके अलावा फलता विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले भी कलकत्ता उच्च न्यायालय से उसे राहत मिली थी। बाद में अदालत द्वारा ये कानूनी राहतें वापस लिए जाने के बाद पुलिस के लिए उसकी गिरफ्तारी का रास्ता साफ हुआ।उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2020 में जेपी नड्डा के डायमंड हार्बर दौरे के दौरान उनके काफिले पर पथराव और हमले की घटना हुई थी। उस समय इस घटना को लेकर भाजपा और राज्य की तत्कालीन सरकार के बीच तीखा राजनीतिक विवाद हुआ था।

पुलिस अब नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपितों से पूछताछ कर घटना में उनकी कथित भूमिका और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page