राहुल के बयान को लेकर कांग्रेस पर किरेन रिजिजू का पलटवार, पूछे चार सवाल

राहुल के बयान को लेकर कांग्रेस पर किरेन रिजिजू का पलटवार, पूछे चार सवाल
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर राहुल गांधी के बयान को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस से 1962 के भारत-चीन युद्ध, देश में गरीबी, पुरानी आर्थिक स्थिति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को लेकर सवालों के जवाब मांगे हैं।

किरेन रिजिजू ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी का प्रधानमंत्री विरोध अब देश के खिलाफ बयानबाजी तक पहुंच गया है। रिजिजू ने कांग्रेस से 1962 के अपमान के लिए माफी मांगने और देश की तत्कालीन आर्थिक स्थिति पर जवाब देने को कहा।

रिजिजू ने पूछा कि 1962 में उनका गांव चीन के कब्जे में चला गया था, क्या कांग्रेस उस अपमान के लिए माफी मांगेगी? उन्होंने दूसरा सवाल किया कि कांग्रेस ने भारत को गरीब देश बनाए रखा, ऐसा क्यों हुआ? तीसरे सवाल में उन्होंने पूछा कि भारत को कभी सांपों का खेल दिखाने वालों का देश क्यों कहा जाता था। चौथे सवाल में उन्होंने पूछा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ’ कहकर अपमानित क्यों किया गया?

रिजिजू का यह बयान राहुल गांधी की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ‘समझौतावादी’ बताया था। राहुल गांधी ने 19 नवंबर को एक्स पर चीन के शेनझेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की एक साथ मौजूदगी वाली तस्वीर साझा कर प्रधानमंत्री कहा था कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब भारत का प्रधानमंत्री भी उसी कुर्सी (डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के साथ) के साथ बैठता था।

उल्लेखनीय है कि तस्वीर 19 नवंबर को शेनझेन स्थित काइलिन विला में हुई तीनों नेताओं की त्रिपक्षीय बैठक की थी। यह बैठक 2026 के एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। इसमें परमाणु हथियारों पर नियंत्रण, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार तथा यूक्रेन और ईरान के संघर्ष जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी। तीनों देश दुनिया की प्रमुख परमाणु शक्तियों में शामिल हैं और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य भी हैं। भारत एपेक का सदस्य नहीं है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page