प्रधानमंत्री ने बिहार में की 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत

प्रधानमंत्री ने बिहार में की 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत
Facebook WhatsApp

वैशाली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को विश्व के पहले गणतंत्र की धरती वैशाली के जन्दाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी से बिहार को 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने 227 बुनियादी ढांचा एवं विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण किया।

प्रधानमंत्री ने जिन परियोजनाओं की शुरुआत की उनमें सड़क, रेल, बिजली, जलापूर्ति, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल (नीतीश सेतु) समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।

प्रधानमंत्री ने प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के औरंगाबाद-चरदाहा खंड को छह लेन का बनाना, एनएच-227 एफ के चोरमा-बैरागनिया खंड और एनएच-327 के उमगांव-सहरसा खंड से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने 1,320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी इकाई (660 मेगावाट) का उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही बिजली वितरण और पारेषण से जुड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर परियोजना समेत ऊर्जा क्षेत्र की अन्य योजनाएं भी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने एनएच-139 डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन बनाने की परियोजना की आधारशिला रखी। इस पर 3,800 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना (3×800 मेगावाट) से बिजली निकासी संबंधी बुनियादी ढांचे की आधारशिला भी रखी गई, जिसकी अनुमानित लागत करीब 3,350 करोड़ रुपये है।

प्रधानमंत्री ने बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा समेत विभिन्न शहरी क्षेत्रों में सीवरेज एवं जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में नहर प्रणालियों का आधुनिकीकरण, शहरी जल निकासी, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। कहलगांव में करीब 17.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीवरेज अवसंरचना परियोजना का भी उद्घाटन किया गया।

उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों, आईआईटी पटना रिसर्च पार्क, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित बुनियादी ढांचे का उद्घाटन और शिलान्यास किया। आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और पुलिस डेटा सेंटर से जुड़ी परियोजनाएं भी इस कार्यक्रम का हिस्सा रहीं।

प्रधानमंत्री ने 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे राज्य में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। यह शहरी परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

गंगा नदी पर निर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर केबल आधारित पुल (नीतीश सेतु) का लोकार्पण भी किया गया। इन परियोजनाओं के माध्यम से बिहार में सड़क संपर्क, ऊर्जा उत्पादन, शहरी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवासीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page