पूर्वी चंपारण जिले की अन्य प्रमुख खबरे
शोधार्थी अमित विक्रम त्रिपाठी के निधन पर केविवि में शोक की लहर
छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च, दी श्रद्धांजलि
मोतिहारी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के शोधार्थी अमित विक्रम त्रिपाठी के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन से विश्वविद्यालय परिवार में शोक की लहर है। उनके असामयिक निधन पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों एवं शिक्षकों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कैंडल मार्च निकाला तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।कैंडल मार्च के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में भावुक वातावरण रहा। हाथों में जलती मोमबत्तियां लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अमित विक्रम त्रिपाठी के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन को विश्वविद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।शोक सभा का संचालन करते हुए मुकेश कुमार यादव ने विश्वविद्यालय मुखिया, विश्वविद्यालय प्रशासन से अमित विक्रम त्रिपाठी के परिजनों को आर्थिक सहयोग तथा वैधानिक रूप से परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी देने की बात कही।
विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। वक्ताओं ने अमित विक्रम त्रिपाठी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। कहा कि एक युवा शोधार्थी का इस तरह असमय चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। उनके निधन से विश्वविद्यालय ने एक प्रतिभाशाली शोधार्थी को खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
छतौनी के फरार चल रहे बदमाश पर 10 हजार का इनाम घोषित
मोतिहारी। छतौनी थाने के आसमा राय टोले के लगातार फरार चल रहे एक बदमाश के विरुद्ध पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। उक्त आरोपी नरेश पांडेय बताया गया है जिसके खिलाफ छतौनी के 13 , मुफ्फसिल में 2 , नगर में 2 और पिपराकोठी थाने में 1 मामला दर्ज है। बताया गया है कि उक्त मामलों में हत्या , हत्या का प्रयास , लूट , आर्म्स एक्ट , जबरन वसूली , चोरी सहित अन्य तरह के आपराधिक घटनाएं शामिल हैं। जिसने पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस के मुताबिक अपराध कर लगातार फरार चल रहे नरेश पांडेय के संबंध में जो भी एसपी के सरकारी मोबाइल नम्बर पर सूचना देगा , उसके नाम पते को गुप्त रखते हुए घोषित इनाम की राशि दी जाएगी।
छात्रा रंजना ने जिलास्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में प्राप्त किया दूसरा स्थान
रक्सौल।रामगढ़वा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय आमोदेई हिंदी की कक्षा आठ की छात्रा रंजना कुमारी ने मोतिहारी में आयोजित जिलास्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रखंड में हर्ष का माहौल है।
छात्रा ने ‘विकसित भारत’ विषय के तहत अपनी पेंटिंग में सड़क, रेल, अस्पताल आदि विकास से जुड़े पहलुओं को बेहद खूबसूरती से उकेरा था, जिसे जिलास्तर पर दूसरा स्थान मिला है। इस सफलता के बाद उनका चयन आगामी 10 अक्टूबर को पटना में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
रंजना की इस सफलता पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ब्रजेश कुशवाहा ने उन्हें रामगढ़वा बीआरसी में कॉपी, कलम और इंस्ट्रूमेंट बॉक्स देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवनीश कुमार और मुकेश कुमार सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
कौड़िहार चौक पर छापेमारी, दो बाइक के गुप्त तहखाने से मिले 1800 नशीले इंजेक्शन
रक्सौल। स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीला इंजेक्शन बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की है। इसकी जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने दी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में नशीला इंजेक्शन नेपाल भेजने की तैयारी है। इसके बाद पर्यवेक्षी पदाधिकारी निर्भय कुमार राय के नेतृत्व में एसआई विकास कुमार पासवान, अंशुली आर्य, प्रेम कुमार एवं अजय कुमार की टीम गठित कर कौड़िहार चौक वार्ड नंबर 18 स्थित रमेश महतो के किराये के मकान में छापेमारी की गई।
जांच के दौरान कमरे से तीन प्लास्टिक के झोलों में करीब 1000 पीस नशीला इंजेक्शन बरामद हुआ। वहीं, दो मोटरसाइकिलों की टंकी में बनाए गए गुप्त तहखाने की तलाशी लेने पर करीब 1800 पीस अतिरिक्त नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
मामले में पुलिस ने नेपाल के परसा जिला अंतर्गत पोखरिया थाना क्षेत्र के विंध्यवासिनी वार्ड नंबर 4 निवासी विश्वनाथ साह के पुत्र जमुना साह तथा रक्सौल थाना क्षेत्र के नोनियाडीह वार्ड नंबर 9 निवासी रमेश महतो की पत्नी पूनम देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो अपाची मोटरसाइकिल, जिनमें एक का नंबर मधेश प्रदेश 03-036-5000 तथा दूसरे का नंबर ना. 55 प/ 4686 बताया गया है।
एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इस धंधे में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और एसएसबी की संयुक्त सीमा गश्ती तेज
बनकटवा। जितना थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार की अगुवाई में सीमावर्ती क्षेत्र अंतर्गत सीमा पर एसएसबी के साथ संयुक्त गश्ती अभियान संचालित है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस और एसएसबी के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं।

संयुक्त गश्ती के दौरान सीमा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। गश्ती दल द्वारा सीमा से जुड़े रास्तों और संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच की जा रही है।गश्ती अभियान में जितना थाना पुलिस के साथ पीटीसी सुमित कुमार सहित संबंधित पुलिसकर्मी शामिल हैं। वहीं सशस्त्र सीमा बल की ओर से परिमल दास सहित एसएसबी के के पदाधिकारी संयुक्त रूप से सीमा पर गश्ती कर रहे हैं।
जिले के 90 पंचायत में सेवा सेतु शिविर का हुआ आयोजन
-डीएम ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत कुल 90 पंचायतों में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। सेवा सेतु शिविर का मुख्य उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजनों तक सुगमता से पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न विभागों के प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने निर्धारित काउंटर पर उपस्थित रहे तथा आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं को सुनकर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

सेवा सेतु शिविर में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सड़क, आवास, राशन, पेंशन, राजस्व, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। पदाधिकारियों के द्वारा शिविर में उपस्थित आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा संधारित किया गया तथा प्रत्येक मामले के निष्पादन हेतु आवश्यक प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की जांच एवं नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं हो इसका ध्यान रखें। शिविर के दौरान आम नागरिकों को विभिन्न लोक सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

इस सहयोग शिविर में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, आपूर्ति विभाग,सामाजिक कल्याण विभाग , लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, स्वास्थ्य विभाग, आवास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए,जिसमें से तुरंत निष्पादन योग्य आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित किया गया शेष आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हेतु संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा है कि प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान एवं सरकारी योजनाओं/सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का विभागवार संधारण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। सेवा सेतु शिविर में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी गण, सम्बन्धित पंचायत के माननीय मुखिया, वार्ड सदस्य, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण आदि उपस्थित थे।
संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय सेवा शिविर का आयोजन
मोतिहारी। सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय सेवा शिविर का आयोजन सदर प्रखंड कार्यालय, में किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रमोद कुमार उपस्थित रहे।
उक्त शिविर में विभिन्न विभागों के सम्मानित पदाधिकारीगण उपस्थित थे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को संबंधित विभागों के समक्ष रखा। प्राप्त समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।
इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को एक ही स्थान पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया गया, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर विधायक श्री कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं को सुनना, संबंधित विभागों तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास करना है। जनसेवा के कार्यों में जनभागीदारी एवं प्रशासनिक सहयोग से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
आज होगा ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ का लोकार्पण
मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों के सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के अवसर पर 7 अक्टूबर, को सुबह 9 बजे महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रारंभ होगी तथा ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ का लोकार्पण किया जाएगा।
सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ केवल एक चौक नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन, पारदर्शिता एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। यह नागरिकों को जनसेवा, तकनीक, पारदर्शिता और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा। आत्मनिर्भर भारत, ‘वोकल फॉर लोकल’, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित भारत की आधारशिला हैं। विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाये। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण के अभियान से जुड़ने का अवसर है।

