न्याय, समाधान और प्रशासन से जोड़ने में ग्राम कचहरी की भूमिका महत्वपूर्ण ःराधामोहन
मोतिहारी। बिहार राज्य ग्राम कचहरी सचिव संघ, पूर्वी चंपारण के चतुर्थ जिला स्तरीय सम्मेलन-सह-सम्मान समारोह का आयोजन राजेंद्र नगर भवन में किया गया।
उक्त कार्यक्रम में सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि ग्राम कचहरी ग्रामीण लोकतंत्र और स्थानीय न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। गांव के लोगों को स्थानीय स्तर पर न्याय, समाधान और प्रशासन से जोड़ने में ग्राम कचहरी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में ग्राम कचहरी सचिवों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आप सभी अभिलेखों के संधारण, कार्यवाही, पक्षकारों के समन्वय और प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। इसलिए आपका पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि ग्रामीण जनता के विश्वास और न्याय व्यवस्था से जुड़ा दायित्व है। .
श्री सिंह ने कहा कि बिहार सरकार ने ग्राम कचहरी सचिवों के योगदान को महत्व देते हुए उनके मासिक मानदेय को 6,000 से बढ़ाकर 9,000 किया है, जो 1 जुलाई 2025 से प्रभावी है। साथ ही ई-ग्राम कचहरी जैसी पहल के माध्यम से ग्राम कचहरियों को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में भी कार्य हो रहा है। सम्मेलन केवल सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि ग्राम कचहरी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अनुभव साझा करने और सामूहिक संकल्प लेने का अवसर भी है।जानकारी गुलरेज शहजाद जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा, मोतिहारी ने बयान जारी कर दिया है।

