आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा बनी रहेंगी बिहार की कार्यवाहक डीजीपी,आदेश जारी

आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा बनी रहेंगी बिहार की कार्यवाहक डीजीपी,आदेश जारी
Facebook WhatsApp

पटना। भारतीय पुलिस सेवा की 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा फिलहाल बिहार की कार्यवाहक डीजीपी बनी रहेंगी। सरकार ने उनके अतिरिक्त प्रभार की अवधि का विस्तार कर दिया है।इस संबंध में साेमवार काे गृह विभाग की तरफ से अधिसूचना जारी की गयी है।

गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रीता वर्मा वर्तमान में महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा (गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार, पटना) के पद पर कार्यरत हैं। पूर्व में जारी विभागीय अधिसूचना संख्या-11255 ( 15.09.2026) के निरंतरता में उन्हें सौंपा गया डीजीपी बिहार का अतिरिक्त प्रभार अगले आदेश तक विस्तारित रहेगा।

यह आदेश बिहार के राज्यपाल के निर्देशानुसार सरकार के अवर सचिव दीपक कुमार की ओर से जारी किया गया है।दरअसल, बिहार के पूर्व डीजीपी विनय कुमार के लंबी छुट्टी पर जाने के बाद गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं की महानिदेशक सह महासमादेष्टा प्रीता वर्मा को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था। हाल ही में पूर्व डीजीपी विनय कुमार ने वीआरएस लिया और अब उन्हें राज्य का मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है।

ऐसे में पुलिस महानिरीक्षक का पद खाली हो गया। अब गृह विभाग ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा की अतिरिक्त प्रभार को विस्तार दे दिया है।इस अधिसूचना की प्रतियां वित्त विभाग, ई-गजट कोषांग, महालेखाकार (बिहार), भारत सरकार के गृह मंत्रालय, मुख्य सचिव कार्यालय, राजभवन तथा राज्य के सभी वरीय पुलिस अधिकारियों व प्रमंडलीय आयुक्तों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेज दी गई हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page