सुगौली में ऑटो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर, कई लोग घायल
सुगौली। रक्सौल-छपवा राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर सुगौली थाना क्षेत्र के डाकबंगला चौक के समीप ऑटो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुगौली थाना की डायल-112 पुलिस टीम एवं गश्ती दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मौके पर एसआई पूजा कुमारी, पीटीसी रंजन कुमार सहित डायल-112 की गश्ती टीम एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन एवं आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

