एसएसबी ने सीमावर्ती युवाओं को दिया आत्मनिर्भरता का संदेश
-वेल्डिंग प्रशिक्षण संपन्न एवं दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण शुरू
बनकटवा। 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), मोतिहारी की ओर से बल मुख्यालय के निर्देशानुसार कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के कुशल नेतृत्व में सीमावर्ती ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
इसी क्रम में वीवीपी-II, परसा में आयोजित 30 दिवसीय वेल्डिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन किया गया, जबकि सद्गुरु कबीर महंथ रामखेलावन गोस्वामी प्रोजेक्ट +2 विद्यालय, कटकेनावा, महुआवा में 30 दिवसीय दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. संजय जायसवाल, सांसद, बेतिया लोकसभा क्षेत्र तथा विशिष्ट अतिथि विशाल कुमार, विधायक, नरकटिया विधानसभा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों के विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने पौधरोपण किया।
समारोह के दौरान 30 दिवसीय वेल्डिंग प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने प्रमाण-पत्र दिया। वहीं, कमांडेंट श्री कुमार ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि कौशल विकास से जुड़े ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगा। इससे ग्रामीण युवाओं को हुनरमंद बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त होता है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। एसएसबी की इस पहल को सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय कदम बताया गया।

