शराब के साथ बाइक छोड़ने पर नप गए पहाड़पुर के एसएच,देवेंद्र बने नए थानेदार
मोतिहारी। पहाड़पुर के तत्कालीन थाना अध्यक्ष मनीष कुमार को एसपी स्वर्ण प्रभात ने निलंबित कर दिया है। वहीं उक्त थाना में 2014 बैच के सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार की थाना अध्यक्ष के रूप में प्रतिनियुक्ति की गई है। देवेंद्र कुमार इससे पहले पश्चिम चंपारण के कुमारबाग और नौतन थाना में थाना अध्यक्ष का पद संभाल चुके हैं।
उनके कार्य क्षमता को देखते हुए पुलिस कप्तान ने उन्हें पहाड़पुर थाना अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंप दी है। यहां बता दे की 19 सितंबर की रात पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सरिया बरुआ टोला गांव में कुछ लोगों ने विजय कुमार शाह के साथ मारपीट की थी। जहां शोर मचाने के बाद बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए थे।
उक्त बाइक की डीकी में शराब रखा हुआ मिला था। इस पूरे मामले में तत्कालीन थाना अध्यक्ष मनीष कुमार ने वरीय पदाधिकारी को कोई सूचना न देते हुए एफआईआर भी दर्ज नहीं किया और बाइक को भी छोड़ दिया। इस प्रकरण की जांच पुलिस कप्तान ने पर्यवेक्षित पदाधिकारी को दी। वहीं थाना अध्यक्ष से स्पष्टीकरण भी मांगी गई थी जो अबतक अप्राप्त है । वही पर्यवेक्षी पदाधिकारी के द्वारा बताए गए अंदरुनी रिपोर्ट को लेकर एसपी ने तत्कालीन थाना अध्यक्ष को निलंबित कर दिया। उस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

