जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच चलेगी साप्ताहिक ट्रेन, रेलवे ने दी मंजूरी

जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच चलेगी साप्ताहिक ट्रेन, रेलवे ने दी मंजूरी
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दी है।करीब 604 किलोमीटर लंबी यह रेल सेवा दोनों देशों के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगी।

रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन नेपाल स्थित जनकपुरधाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट तक चलेगी। इसके रास्ते में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहर और कस्बे आएंगे। ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में होगा। इसके अलावा ट्रेन अपने दोनों शुरुआती और अंतिम स्टेशनों पर भी रुकेगी।

यह साप्ताहिक ट्रेन जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी। इस रेल सेवा से नेपाल के जनकपुरधाम और भारत के अयोध्या के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मस्थली माना जाता है। ऐसे में यह ट्रेन रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवागमन को सुविधाजनक बनाएगी।

रेलवे के अनुसार इस सेवा से पर्यटन के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और पारिवारिक कार्यों के लिए दोनों देशों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी लाभ होगा।

मार्ग में पड़ने वाले बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय व्यापारियों, पर्यटन संचालकों, होटल व्यवसायियों और पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े लोगों के लिए भी नए अवसर पैदा होने की संभावना है।भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध हैं। नई रेल सेवा से दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और आवागमन बढ़ने के साथ द्विपक्षीय मित्रता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page