खरना के साथ छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे पहला अर्घ्य
मोतिहारी। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और पवित्रता के साथ खरना का अनुष्ठान किया।खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। रविवार को महापर्व के तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे।
खरना को लेकर सुबह से ही व्रतियों के घरों में विशेष तैयारी की गई। स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर व्रतियों ने मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए। शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया गया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
रविवार को संध्या अर्घ्य को लेकर जिले के प्राय:सभी गांवो में बने छठ घाट को संजाने और साफ-सफाई को अंतिम रूप दिया जा रहा है।जिले में बहने वाली प्रमुख नदियो गंडक,बूढी गंडक,बागमती के साथ ही अनेक नेपाली नदियो के साथ पोखर नहर और पईन के किनारे बने छठ घाट की साफ- सफाई युद्धस्तर पर जारी है।
कई घाटों पर श्रद्धालुओं ने विशेष तैयारी की है। जहां भव्य व आकर्षक तोरणद्धार व पंडाल बनाये गये है। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत, भजन और बाजे-गाजे की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

