बिहार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ के लिए 15 नवंबर से करें आवेदन,18 फसलों को कम प्रीमियम पर मिलेगी सुरक्षा
पटना। प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान की स्थिति में बिहार के किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए इस रबी सीजन 2026-27 से राज्य के किसानो को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा।इसके तहत किसानों को कम प्रीमियम पर व्यापक बीमा कवरेज मिलेगा।
योजना के लिए 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक आवेदन किए जा सकेंगे।सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने शनिवार को कहा कि रैयत किसानों के साथ गैर-रैयत किसान भी इस बीमा का लाभ ले सकेंगे। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू होने के बाद प्राकृतिक आपदाओं, कीट और रोगों से फसल क्षति पर बीमा सुरक्षा मिलेगी।
इस बीमा योजना के तहत गेहूं, मक्का, दलहन, तेलहन और सब्जियों सहित 18 फसलें तथा आम, लीची, केला, कटहल और अमरूद को भी इसमें शामिल किया गया हैं। इसकी खासियत यह है कि इस योजना में बीमित भूमि की अधिकतम सीमा नहीं है। इससे बड़े जोत वाले किसान भी बीमित क्षेत्रफल के अनुपात में क्षतिपूर्ति पा सकेंगे।
योजना के तहत केसीसी धारक ऋणी और गैर ऋणी रैयत किसान बीमा करा सकेंगे। गैर – रैयत किसानों को किसान सलाहकार या वार्ड सदस्य से प्रतिहस्ताक्षरित स्व-घोषणा पत्र देना होगा। इसमें बोई गई फसल, रकबा तथा जमीन का खाता और खेसरा नंबर दर्ज करना अनिवार्य है।
केसीसी धारक ऋणी और गैर-ऋणी रैयत किसानों को एग्री स्टैक पर निबंधन कराकर फार्मर आईडी लेनी होगी। गेहूं, मक्का, दलहन और तेलहन जैसी खाद्यान्न फसलों पर बीमित राशि का 1.5 प्रतिशत प्रीमियम लगेगा।
वाणिज्यिक और बागवानी फसलों के लिए बीमित राशि का पांच प्रतिशत या बीमा कंपनी की निर्धारित दर, दोनों में जो कम हो, देय होगा।
योजना के क्रियान्वयन के लिए उत्तर और दक्षिण बिहार के लिए दो बीमा कंपनियों का चयन किया गया है। आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड उत्तर बिहार के 21 जिलों में योजना के तहत बीमा सेवाएं देंगी। एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड दक्षिण बिहार के 17 जिलों में योजना के तहत बीमा सेवा देगी।

