जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ
Facebook WhatsApp

-गांधी मैदान से खेल महोत्सव का आगाज, जिलेभर के विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ी

मोतिहारी। खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत जिला प्रशासन, पूर्वी चंपारण द्वारा आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को गांधी मैदान में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 1 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2026 तक गांधी मैदान, खेल भवन एवं नेहरू स्टेडियम सहित विभिन्न खेल स्थलों पर किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त, जिला विकास पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ), जिला खेल पदाधिकारी शुभम कुमार सहित शिक्षा, खेल एवं प्रशासनिक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर से ही बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलना आवश्यक है।

उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से जिले का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा विभिन्न खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन समारोह में डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सभी खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष प्रतियोगिता की शपथ ली। खेल परंपरा के अनुरूप मशाल प्रज्ज्वलित कर मशाल दौड़ आयोजित की गई।

इस वर्ष जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता को खेल महोत्सव के रूप में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।  एथलेटिक्स, बैडमिंटन, क्रिकेट, खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। वहीं खेल भवन में इंडोर गेम्स की प्रतियोगिताएं भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की गईं। 

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page