शहर को अतिक्रमण मुक्त की तैयारी तेज, एसडीएम ने बनाई रणनीति
सुगौली। आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए सुगौली नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की कवायद तेज कर दी गई है। गुरुवार को सदर एसडीएम अरुण कुमार नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के साथ बैठक कर शहर की व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पर्व के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और संभावित जाम को देखते हुए शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रथम चरण में सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी शेड,दुकान के आगे बढ़ाए गए सामान तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटाने पर विशेष जोर रहेगा। जरूरत पड़ने पर अमीन से स्थल की मापी कराकर सीमांकन भी कराया जाएगा।
बिना अनुमति लगाए गए प्रचार-प्रसार एवं विज्ञापन बोर्ड को भी हटाने के निर्देश दिए। अवैध रूप से बोर्ड लगाने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। पहले चरण में अस्थायी अतिक्रमण पर कार्रवाई होगी। इसके बाद दूसरे चरण में स्थायी अतिक्रमण और अवैध निर्माण के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान सुगम यातायात सुनिश्चित करने के साथ सुगौली को व्यवस्थित और स्वच्छ नगर पंचायत के रूप में विकसित करना है।

