बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया एसएच-74 जाम
संग्रामपुर।अरेराज-हाजीपुर मुख्य पथ एसएच 74 को इजरा के समीप गुरुवार को बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।
बाढ़ का पानी अब काफी हद तक उतर चुका है और स्थिति सामान्य होने की ओर है, बावजूद तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है। ग्रामीण पप्पू सहनी, गणेश सहनी, राजन पासवान, भगवानजी मिश्र और चमेली देवी सहित अन्य ने बताया कि सुबह से ही बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर मजबूर होकर सड़क जाम करना पड़ा।
सूचना पर थानाध्यक्ष नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। बिजली विभाग के जेई अरविंद कुमार ने बताया कि मिस्त्री को भेजकर सभी फॉल्ट की जांच कराई जा रही है।ताकि लाइन सप्लाई सुचारू होने पर कही कोई समस्या व घटना नही हो। शाम से पहले बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

