स्मैक सेवन की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, एक युवक गिरफ्तार
रक्सौल।शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मादक पदार्थों के सेवन पर अंकुश लगाने को लेकर स्थानीय पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रक्सौल थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर सेनुवरिया स्थित बोधि माई मंदिर के पास छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान रक्सौल थाना क्षेत्र के कनना वार्ड नंबर-6 निवासी मनोज कुमार वर्मा के पुत्र अमन कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के सेनुवरिया गांव स्थित बोधि माई मंदिर के आसपास कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा चोरी-छिपे अवैध मादक पदार्थ स्मैक का सेवन किया जा रहा है। नतीजतन पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर मौके से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 128 के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

