सांसद राधामोहन सिंह के नेतृत्व में प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार एवं संरक्षण
मोतिहारी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मोतिहारी के प्राचीन एवं श्रद्धा के केंद्र रहे मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। बुधवार को सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने गायत्री मंदिर के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण कार्य का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कहा कि मंदिर केवल ईंट-पत्थर से निर्मित भवन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक चेतना के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ कई मंदिरों की संरचनाएं जर्जर हुई हैं।
ऐसे में उनके जीर्णोद्धार का कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, स्मृतियों और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने का प्रयास है। श्री सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा, जरूरतमंदों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं जनजागरूकता सहित विभिन्न सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मंदिरों के संरक्षण का कार्य समाज की सहभागिता और जनभावना के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाते हुए उनके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को संरक्षित करना है। इस अवसर पर लोगों से अपनी विरासत की रक्षा करने तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का आह्वान किया गया।
उक्त अवसर पर बिहार मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, उपाध्याय मीना मिश्रा, मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, आईटी सेल के संयोजक रिषभ झा, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीता शर्मा, संयोजक कला – संस्कृति प्रकोष्ठ सुदीप कुमार, उत्तरी मण्डल अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव, महामंत्री निखिल राज, निगम पार्षद संजू निषाद, युवा मोर्चा महामंत्री चंदन सिंह, सन्नी सिंह सहित गायत्री परिवार के लोग उपस्थित थे।

