मोतिहारी में ड्यूटी से गायब 5 सिपाही व मुंशी को डीआईजी ने किया निलंबित,थानेदार पर भी हुई कारवाई
मोतिहारी। चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय ने सोमवार की आधी रात नगर थाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण में उन्होंने थाना की विभिन्न पंजी, अभिलेख, लंबित कांडों और अनुसंधान की प्रगति की बारीकी से जांच की। इस दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए पांच सिपाहियों और एक मुंशी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई का आदेश दिया गया।
निलंबित किए गए सिपाहियों में तीन महिला सिपाही, एक साक्षर सिपाही और एक अन्य सिपाही शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान थाना स्तर पर पर्यवेक्षण में लापरवाही भी सामने आई।
इस पर डीआईजी ने नगर थानाध्यक्ष का पांच दिन का वेतन स्थगित करने का आदेश दिया। कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि थाना में ड्यूटी व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और कांडों के अनुसंधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीआईजी ने थाना में लंबित कांडों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं से लंबित मामलों की जानकारी ली और सभी कांडों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही गंभीर एवं महत्वपूर्ण मामलों की नियमित समीक्षा करने को कहा, ताकि अनुसंधान में अनावश्यक विलंब नहीं हो।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुसंधान के प्रत्येक चरण की निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाए। थाना की दैनिक कार्यप्रणाली, ड्यूटी रोस्टर और अभिलेखों को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए पांच सिपाहियों पर तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया गया। इनमें तीन महिला सिपाही भी शामिल हैं। एक साक्षर सिपाही समेत एक अन्य सिपाही और थाना के एक मुंशी को भी निलंबित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

