रक्सौल में 2006 से 2024 तक के निबंधित दस्तावेजों की पीडीएफ अपलोडिंग का कार्य पूरा
रक्सौल। अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित अवर निबंधन कार्यालय में वर्ष 2006 से 2024 तक निबंधित दस्तावेजों की पीडीएफ डाउनलोडिंग एवं अपलोडिंग का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। हालांकि, विभागीय पोर्टल पर पांच निबंधित दस्तावेजों का पीडीएफ उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है।
इसको गंभीरता से लेते हुए मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार तथा सहायक निबंधन महानिरीक्षक, तिरहुत प्रमंडल, की ओर से संबंधित कार्यालय को पत्र जारी किया गया है। इसकी जानकारी अवर निबंधन पदाधिकारी आशीष कुमार अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 से 2024 के बीच कार्यालय में निबंधित अधिकांश दस्तावेजों का पीडीएफ विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया गया है।
जांच के दौरान सिर्फ पांच दस्तावेजों का पीडीएफ अपलोड नहीं पाया गया। इनमें टोकन संख्या 889/12 विंदा साह, 4812/12 वीरबहादुर यादव , 4541/12 प्रहलाद प्रसाद एवं राजकुमार, 3958/13 मुनीन्द्र प्रसाद तथा 5394/18 मदन प्रसाद के नाम से निबंधित दस्तावेज शामिल हैं। अवर निबंधन पदाधिकारी ने बताया कि लंबित पांचों दस्तावेजों को पोर्टल पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि संबंधित क्रेता को भविष्य में अपने निबंधित दस्तावेजों की ऑनलाइन प्रति प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

