अज्ञात वाहन की ठोकर से ग्राम कचहरी पंच गंभीर, पटना रेफर
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के मुरारपुर पंचायत के पवरिया टोला गांव निवासी एक युवक गुरुवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक देवी लाल साह है, जो ग्राम कचहरी के पंच हैं। श्री साह गुरुवार शाम को पकड़ी बाजार से पैदल सब्जी लेकर अपने घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
ठोकर लगने से देवी लाल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। परिजनों ने उन्हें गंभीर स्थिति में इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने शुक्रवार को उन्हें पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें पटना आईजीएमएस में इलाज के लिए ले गए हैं, जहां वह जीवन-मौत से जूझ रहे हैं।

