आवास सूची में नाम कटने पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
सुगौली। ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर मंगलवार को सुकुल पाकड़ पंचायत सरकार भवन में आयोजित आमसभा के दौरान इंदिरा आवास लाभुकों की सूची की माइकिंग की गई। सूची में अंकित नाम खत्म होते ही हंगामा हो गया। मुखिया अशफाक अहमद की अध्यक्षता में हुई सभा में आवास सहायक अमरदीप कुमार गुप्ता ने सूची में दर्ज लाभुकों के नाम पढ़े। नाम सुनने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
ग्रामीणों का कहना था कि आवास योजना के लिए 1400 से अधिक लोगों के नाम जोड़े जाने की बात सामने आई थी, जबकि जारी सूची में महज 487 नाम ही दर्ज हैं। सूची में अपना नाम नहीं देखकर कई ग्रामीणों और महिलाओं ने नाराजगी जताई। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने कथित रूप से गलत आवेदन देकर उनका नाम सूची से कटवा दिया है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि वे योजना के लिए पात्र हैं तो उनका नाम सूची से बाहर कैसे हो गया। उन्होंने सूची में शामिल सभी नामों का दोबारा सत्यापन कराने, वास्तविक जरूरतमंदों को योजना का लाभ देने तथा जांच में गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मौके पर श्रम प्रवर्तन प्रसार पदाधिकारी दिवाकर कुमार,सरपंच ओमप्रकाश सिंह,पंचायत सचिव गौतम कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।

