शौचालय की टंकी का सेंट्रिंग खोलने गए मजदूर की मौत

शौचालय की टंकी का सेंट्रिंग खोलने गए मजदूर की मौत
Facebook WhatsApp

घोड़ासहन। थाना क्षेत्र बिरता चौक स्थित पकही टोला में मंगलवार की सुबह नवनिर्मित शौचालय की टंकी की सेंट्रिंग खोलने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। टंकी के भीतर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस की चपेट में आने से मजदूर पथलू राय की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के लिए टंकी में गए उनका 25 वर्षीय बेटा पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।


जानकारी के अनुसार पथलू राय और उनका बेटा पवन कुमार कादिर दीवान के घर नवनिर्मित शौचालय की टंकी की सेंट्रिंग खोलने पहुंचे थे। काम के दौरान पथलू राय टंकी के अंदर गए और कुछ ही देर में दम घुटने के कारण बेहोश होकर गिर पड़े। पिता को अंदर देखकर बेटे ने स्थिति की गंभीरता समझे बिना उन्हें बचाने के लिए टंकी में प्रवेश किया, लेकिन जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी ने उसे भी अपनी चपेट में ले लिया और वह भी बेहोश हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को टंकी से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पथलू राय को मृत घोषित कर दिया, जबकि पवन कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एक परिवार के लिए रोजी-रोटी कमाने निकले पिता की मौत और बेटे के गंभीर रूप से घायल होने से गांव में मातम पसरा हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page