‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ अभियान को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक, प्रभावी एवं केंद्रित प्रयास पर जोर
मोतिहारी। ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी अभिषेक कुमार दास की अध्यक्षता में जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभिषेक कुमार दास ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र समाधान न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप केंद्रित एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि सामूहिक एवं केंद्रित प्रयासों से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने न्यायिक पदाधिकारियों को ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ की प्रक्रिया, इसके उद्देश्य तथा विवादों के समाधान में मध्यस्थता के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे मामलों की पहचान करने पर जोर दिया, जिनमें पक्षकारों की सहमति से मध्यस्थता के माध्यम से विवाद का त्वरित एवं टिकाऊ समाधान संभव है।
बैठक में फैमिली जज-सह-अध्यक्ष, मेडिएशन कमेटी एस़रार अहमद, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी नितिन त्रिपाठी, एडीजे-सह-मेडिएशन कोऑर्डिनेटर श्रीमती रेशमा वर्मा, सीजेएम मोतिहारी पुनीत कुमार तिवारी, जो समन्वय समिति के सदस्य भी हैं, सहित प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं जिले के अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान मध्यस्थता की प्रक्रिया में पक्षकारों की स्वैच्छिक भागीदारी, गोपनीयता, निष्पक्षता तथा आपसी सहमति से विवाद के समाधान के महत्व पर भी चर्चा की गई। न्यायिक पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे उपयुक्त मामलों को मध्यस्थता के लिए संदर्भित करने तथा पक्षकारों को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि मध्यस्थता केवल लंबित मामलों के निस्तारण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पक्षकारों के बीच संबंधों को बनाए रखते हुए विवादों का शांतिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराने की प्रभावी प्रक्रिया है। विशेष रूप से पारिवारिक एवं अन्य ऐसे विवादों में, जहां पक्षकारों के बीच भविष्य में भी संबंध बने रहने की संभावना होती है, मध्यस्थता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभिषेक कुमार दास ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों से अभियान के दौरान सक्रिय भागीदारी, बेहतर समन्वय एवं केंद्रित प्रयास के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0’ अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।

