कोटवा में फर्जी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का खुलासा, दो गिरफ्तार
कोटवा। थाना क्षेत्र के मर्द हटिया बाजार में पुलिस ने फर्जी डिजिटल भुगतान कर दुकानदारों को झांसा देने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाजार में घूमकर लोगों को फोन पे के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन संबंधित रिसीवर के खाते में राशि नहीं पहुंच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को मर्द हटिया बाजार से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों के मोबाइल फोन की जांच की गई। जांच के दौरान दोनों मोबाइल में दो-दो फोन पे एप पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल में मौजूद एप और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री की जांच की।
पुलिस के मुताबिक, ट्रांसफर हिस्ट्री में कई लोगों को राशि भेजे जाने का रिकॉर्ड मिला , जबकि राशि ट्रांसफर नहीं होने की स्थिति सामने आई। जांच करने पर पता चला कि जिन-जिन लोगों को पैसे भेजे जाने की जानकारी मोबाइल में दर्ज थी, उनके खातों में वास्तविक रूप से राशि ट्रांसफर नहीं हुई थी।
पुलिस ने मोबाइल फोन में मिले डिजिटल लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर दोनों युवकों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन राम, पिता स्वर्गीय रंगीला राम तथा नीरज कुमार, पिता अर्जुन राम, निवासी बनकटवा, थाना तुरकौलिया, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।
पुलिस मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मोबाइल में मिले ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड के आधार पर इस तरह के अन्य मामलों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है।

