पूर्वी चंपारण के 33 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया
-जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने जिला स्कूल को गोद लिया
मोतिहारी। मुख्यमंत्री बिहार सरकार द्वारा जुलाई 26 में संपूर्ण राज्य में एक साथ 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का लोकार्पण किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक और उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। पूर्वी चंपारण जिला में इस अवसर पर कुल 33 विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में चिन्हित कर स्थापित किया गया।
इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, ई लाइब्रेरी, विज्ञान व कंप्यूटर की आधुनिक प्रयोगशालाओं और खेलकूद की बेहतरीन व्यवस्था कराई गई है। यहां अनुभवी और विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा प्रदान किया जा रहा है।
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)में शिक्षा के स्तर को और अधिक सुदृढ बनाने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा विद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक माहौल को बेहतर करने के उद्देश्य से जिला एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारीगण को विद्यालय से संबद्ध किया गया है। जबकि खुद जिलाधिकारी ने जिला स्कूल मोतिहारी को गोंद लिया है। मंगल सेमिनरी को अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा और एमजेके बालिका इंटर कॉलेज को डॉ. प्रदीप कुमार उप विकास आयुक्त ने गोद लिया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में विद्यालयों से संबद्ध किए गए सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारीगण की एक बैठक समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में संपन्न हुई। जिसमें 30 सितंबर को जिला के सभी 33 सरस्वती विद्या निकेतन में पदाधिकारी के द्वारा विद्यालयों की आदर्श स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
विद्यालय से टैग पदाधिकारी विद्यालयों में जाएंगे, वहां की व्यवस्था देखेंगे एवं विद्यार्थियों से इंटरेक्ट करेंगे साथ ही भविष्य की योजना की रूपरेखा तैयार करेंगे। उप विकास आयुक्त के द्वारा बताया गया कि जिन भी पदाधिकारी को जो विद्यालय टैग किया गया है वहां कल अनिवार्य रूप से जाएंगे और विद्यालय संचालन की प्रक्रिया देखेंगे। इस दौरान क्लासरूम,साइंस लैब, लाइब्रेरी की व्यवस्था, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की संचालन, स्मार्ट क्लास की व्यवस्था, इको लैब, विद्यार्थी कल्याण, डिजिटल शिक्षा का विस्तार, कल्चरल एक्टिविटी का मुआयना करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों से इंटरेक्ट करेंगे।
उन्होंने बताया कि कल सभी विद्यालयों में पीटीएम भी रखा गया है। पीटीएम में भी पदाधिकारी भाग लेंगे और अभिभावकगण से पठन-पाठन के क्षेत्र में आए बदलाव संबंधी फीडबैक प्राप्त करेंगे।

