पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। पुलिस को आतंकवाद के विरूद्ध बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पाकिस्तान स्थित कथित आतंकी नेटवर्क से संपर्क रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान ढाका थाना क्षेत्र के बिसरहिया गांव निवासी मोहम्मद सेयाज आलम, पिता समसुल हक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सेयाज के विरूद्ध पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से डिजिटल संपर्क रखने सूचना मिली थी।


शनिवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिसरहिया गांव के पास छापेमारी की। पुलिस के अनुसार पुलिस वाहन को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।


पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े वीडियो, फोटो और देशविरोधी रील्स मिले हैं। पूछताछ के दौरान उसके पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े अली गुज्जर के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब मोबाइल में मिले डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच कर रही है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है और मामले में उसके संपर्कों तथा गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।

एसपी ने ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक बड़े आतंकी नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि बेहतर कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।


पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक का नेटवर्क कितना विस्तृत है और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। एजेंसियां उसके मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page