अपहरण की झूठी कहानी रचने वाला मां-बेटा गिरफ्तार

अपहरण की झूठी कहानी रचने वाला मां-बेटा गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

महिला के साथ मारपीट के बाद पुलिस से बचने के लिए रची थी साजिश

हरसिद्धि।थाना क्षेत्र के पैठानपट्टी गांव निवासी 19 वर्षीय दिलखुश कुमार के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, युवक ने अपनी मां संजू देवी के साथ मिलकर अपने अपहरण की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिलखुश कुमार को उसके एक परिचित के घर से बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने दिलखुश कुमार और उसकी मां संजू देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पैठानपट्टी निवासी राजेंद्र साह के पुत्र दिलखुश कुमार की मां संजू देवी ने 21 सितंबर की रात डायल 112 पर सूचना दी थी कि उनके 19 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार का ओलहा पेट्रोल पंप के पास से बाइक सहित अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से दो दिन पहले 19 सितंबर को दिलखुश मां के साथ मिलकर विपक्षी भूलेन साह की पत्नी पन्ना देवी के साथ मारपीट की थी। जिसमें पन्ना देवी के सिर में चोट लगी थी। पुलिस के अनुसार, पट्टीदारी का मामला होने के कारण उस समय भूलेन साह के परिवार की ओर से थाना में  कोई सूचना या आवेदन नहीं दिया गया था।

दिलखुश कुमार के कथित अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसके मोबाइल फोन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। वैज्ञानिक तरीके से की गयी जांच में उसके मोबाइल का अंतिम लोकेशन पहाड़पुर थाना क्षेत्र में मिला और बाद में मोबाइल स्विच ऑफ पाया गया। पुलिस ने इसके बाद युवक के परिचितों और संभावित ठिकानों पर नजर रखनी शुरू की।

जांच के क्रम में पुलिस को उसके एक परिचित के यहां मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद 22 सितंबर को पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर दिलखुश कुमार को बरामद कर थाना लाया। पूछताछ में दिलखुश ने पुलिस के समक्ष बताया कि उसने पन्ना देवी के सिर में चोट पहुंचाई थी।

उसे आशंका थी कि इस मामले में पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस के अनुसार, इसी डर से उसने अपनी मां संजू देवी के साथ मिलकर अपने अपहरण की झूठी कहानी तैयार की। ताकि विपक्षी परिवार को फंसाया जा सके और पुलिस का ध्यान वास्तविक घटना से हटाया जा सके।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद पन्ना देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की। प्राथमिकी के आधार पर दिलखुश कुमार और उसकी मां संजू देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जानकारी थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने दी है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page