नेपाल के वीरगंज शहर में मनाया गया ‘आयुर्वेद दिवस’
– स्वस्थ जीवनशैली के लिए आयुर्वेद का ज्ञान नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यकः महावाणिज्यदूत
रक्सौल/वीरगंज। भारत के महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज के आयोजन में बुधवार को ‘आयुर्वेद दिवस’ मनाया गया। ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ के मूल संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम में आयुर्वेद के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा पारंपरिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीरगंज के लिए भारत के महावाणिज्यदूत डी. एस. मीणा ने कहा कि आयुर्वेद मानव जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पारंपरिक चिकित्सा पद्धति है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, उचित खान-पान और प्राकृतिक उपचार पद्धति से भी जुड़ा हुआ है।
महावाणिज्यदूत मीणा ने कहा कि आयुर्वेद से संबंधित ज्ञान और इसके अभ्यास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। प्रादेशिक आयुर्वेद तथा वैकल्पिक चिकित्सालय के डॉ. शिवनारायण गुप्ता ने कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति केवल रोग होने के बाद उपचार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि रोगों से बचाव और शरीर को स्वस्थ रखने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उचित खान-पान, नियमित दिनचर्या, योग तथा प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। फलस्वरूप इसके प्रचार प्रसार की जरूरत है।
भारत के महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज के कौंसुल मनीष दास, प्रादेशिक आयुर्वेद तथा वैकल्पिक चिकित्सालय के डॉ. शिवनारायण गुप्ता, डॉ. महारुद्र ठाकुर, डॉ. पुनीता केशरी, डॉ. राहुल विक्रम शाह, डॉ. मनीष शाह, समाजसेवी संजय अग्रवाल, नेपाल पत्रकार महासंघ पर्सा के सदस्य तथा नेपाल फोटो पत्रकार महासंघ के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य राहुल कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों की सहभागिता रही। संचालन भारत के महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज के कौंसुल (ईसीसी) मनीष दुधपुरी ने किया।

