महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता जरूरी : प्रमोद कुमार
मोतिहारी। डॉ. श्रीकृष्ण सिंह महिला महाविद्यालय, में बुधवार को भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत “महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता शिविर” के आयोजन के साथ राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की जिला संयोजक डॉ. हेना चंद्रा ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोतिहारी विधायक एवं पूर्व मंत्री, बिहार सरकार प्रमोद कुमार ने कहा कि मातृशक्ति के बिना सृष्टि की कल्पना संभव नहीं है। महिलाओं के स्वस्थ और सशक्त रहने से ही परिवार एवं समाज मजबूत होगा। इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के प्रति समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गंभीरता से प्रयास करना चाहिए।
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर को नमन करते हुए श्री कुमार ने कहा कि दिनकर जी केवल राष्ट्रकवि ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना, स्वाभिमान और सामाजिक जागरण के प्रखर कवि थे। उनकी रचनाओं में राष्ट्रप्रेम, वीरता, संघर्ष और जनचेतना की स्पष्ट अभिव्यक्ति मिलती है। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास और देश के प्रति समर्पण की भावना जगाई।
कार्यक्रम में उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीता शर्मा एवं विधानसभा संयोजक ओमप्रकाश सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने महाविद्यालय की शिक्षिकाओं एवं सैकड़ों छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉ. अरुणिमा, डॉ. सिल्की सलोनी, एएनएम शिल्पी कुमारी एवं पूजा कुमारी ने स्वास्थ्य जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जांच के उपरांत जरूरतमंद छात्राओं को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सह-प्रभारी संजय ठाकुर, नीता सिन्हा, अमित कुमार, टुन्ना जी एवं आमोद झा सहित अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जबकि धन्यवाद ज्ञापन उत्तम मिश्रा ने किया।

