आवारा पशुओं पर नियंत्रण, कचरा निस्तारण सहित महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण से संबंधित स्मार पत्र महापौर को सौंपा
मोतिहारी। नगर निगम की महापौर प्रीति कुमारी से मंगलवार को जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में ग्रीन एंड क्लीन, मोतिहारी, तथा महापुरुष प्रतिमा संरक्षण समिति, के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर की प्रमुख समस्याओं की ओर महापौर का ध्यान आकृष्ट कराया। इनमें शहर में आवारा पशुओं के नियंत्रण एवं खुले में उनके विचरण से शहर को मुक्त कराने, पूरे नगर निगम क्षेत्र में कूड़ा-कचरे के समुचित निस्तारण तथा कूड़ा ले जाने वाले वाहनों से परिवहन के दौरान कचरे को ढककर ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
वहीं इसके अतिरिक्त शहर में स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण, रखरखाव एवं नियमित संरक्षण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाए गए। तत्पश्चात संबंधित मामलों से एक स्मार पत्र सौंपा गया।
इस अवसर पर नगर के विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। महापौर प्रीति कुमारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं पर ठोस एवं त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने महापौर के सकारात्मक रुख एवं जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई के आश्वासन पर उनका आभार व्यक्त किया। मौके पर अमरेंद्र सिंह, हरीश कुमार, राजेश कुमार, रिशु प्रताप सिंह,संजय कुमार टुन्ना, अध्यक्ष सुमित कुमार, आशीष प्रताप सिंह,अभय कुमार मिश्रा, मुरली मनोहर, सुमन मिश्रा,सक्षम श्रीवास्तव शामिल थे। जानकारी महापुरुष प्रतिमा संरक्षण समिति के प्रेस प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी रिशु प्रताप सिंह ने दी है।

