निर्वाचन साक्षरता क्लब लोकतंत्र की पाठशालाः डीएम
मोतिहारी।स्थानीय महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह, मोतिहारी में निर्वाचन साक्षरता क्लब के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, आयुक्त नगर निगम आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता राम कृष्ण झा, उप निर्वाचन पदाधिकारीआशुतोष राय, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला का उद्देश्य जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों को सक्रिय करना तथा युवाओं एवं भावी मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना था।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी आवश्यक है। निर्वाचन साक्षरता क्लब लोकतंत्र की पाठशाला है, जिसके माध्यम से छात्र-छात्राएं न केवल स्वयं जागरूक होंगे बल्कि अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करेंगे।
जिलांतर्गत सभी सरकारी /निजी उच्च/उच्च माध्यमिक/महाविद्यालय/महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्वाचन साक्षरता क्लब के नोडल शिक्षकों /प्रधानाध्यकों, सभी प्राचार्य को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, क्लब से संबंधित सभी जानकारी के साथ – साथ ईवीओ एवं वी वी पैड की जानकारी तथा नैतिक मतदान से संबंधित गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करें।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी ने स्वीप कार्यक्रम एवं ईएलसी के गठन, कार्य एवं दायित्वों के बारे में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़ा जाना है, जिसके लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकता है। जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री गिरि ने कहा कि सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप ससमय प्रभावी ढंग से लागू किये जाएंगे।
इस कार्यक्रम में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य, ईएलसी के नोडल शिक्षक थे। इस मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी( माध्यमिक), रेयाज अहमद, नागेन्द्र प्रसाद, रमेश कुमार आदि उपस्थित थे। जबकि मंच संचालन कमलेश कुमार सिंह ने किया।

