महाबीरी झंडा जुलूस में हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी,40 नामजद,300 अज्ञात पर प्राथमिकी
मोतिहारी। तुरकौलिया गांधी घाट पर महाबीरी झंडा जुलूस के दौरान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जुलूस में धारदार हथियारों का प्रदर्शन और प्रतिबंध के बावजूद डीजे बजाने के आरोप में 40 नामजद समेत करीब 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में एक अज्ञात डीजे संचालक को भी आरोपित बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को गांधी घाट पर महाबीरी झंडा के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया। जुलूस में कई लोगों द्वारा खुलेआम धारदार हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जबकि प्रतिबंध के बावजूद डीजे का भी इस्तेमाल किया गया। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
यह प्राथमिकी महाबीरी अखाड़ा समिति से जुड़े कवलपुर, तुरकौलिया बाजार, पूर्वारी टोला और ब्रह्मटोला माई स्थान के सदस्यों के खिलाफ दर्ज की गई है। नामजद आरोपितों में सोनू कुमार, सुनील कुमार, रोहित कुमार, दीपक कुमार, समीर कुमार, मनोज साह, हीरा साह, कन्हैया सहनी, धुपलाल महतो, देवीलाल कुमार सहित कुल 40 लोग शामिल हैं। इसके अलावा करीब 300 अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि महाबीरी झंडा जुलूस के दौरान सरकारी निर्देशों का उल्लंघन किया गया। जुलूस में डीजे बजाने और धारदार हथियारों के प्रदर्शन की पुष्टि होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालय व प्रशासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

