मच्छरगांवा में धार्मिक विद्वेष फैलाने की कोशिश नाकाम,प्रशासनिक तत्परता से स्थिति सामान्य
कोटवा। प्रखंड क्षेत्र के मच्छरगावा वार्ड न.11 में असामाजिक और शरारती तत्वों ने एक धार्मिक स्थल पर गड़बड़ी करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने स्थानीय प्रबुद्धजनों की मदद से मामले में उचित कार्रवाई करने का भरोसा देते हुए स्थिति सामान्य किया।
इस बीच उक्त घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद गुरुवार को यह मामला फिर से गरमाने लगा। सूचना मिलते ही पुनः प्रशासनिक और पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के निर्देश के बाद प्रबुद्ध लोगो के साथ मिलकर मामले को शांत कराया गया।
इसके साथ ही भारी संख्या में पुलिस बल को भी लगाया गया। सूचना मिलने के साथ ही मौके पर पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के साथ ही स्थानीय बीडीओ सहित थानाध्यक्ष और कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और लोगो के साथ एक बार फिर से बातचीत कर स्थिति को सामान्य किया।
इस बाबत बीडीओ चिरंजीवी पांडेय ने बताया कि उक्त गांव के ही एक लड़के ने वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जिसको लेकर लोगो में आक्रोश पनप रहा था। जिसे तत्परता के साथ समझाते हुए स्थिति को सामान्य कर दिया गया। वही इस मामले में पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। फिलवक्त स्थिति नियंत्रण में बताई गई है।

